Tuesday, February 10

मिक्स्ड-जेंडर मसाज पर मेयर वी वी राजेश का सख्त रुख, स्पा पर हो सकती है कार्रवाई

तिरुवनंतपुरम: केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में मिक्स्ड-जेंडर मसाज (क्रॉस-मसाजिंग) पर नगर निगम के पहले बीजेपी मेयर वी वी राजेश ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को मेयर ने कहा कि दूसरे जेंडर के लोगों द्वारा की जाने वाली मसाज देश के सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है और इसे राजधानी में अनुमति नहीं दी जाएगी।

This slideshow requires JavaScript.

वी वी राजेश का यह बयान नगर निगम की तरफ से स्पा पर चल रही जांच और कार्रवाई के बाद आया है। हाल ही में तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने कुछ स्पा पर छापेमारी की थी, जहां गलत गतिविधियों की जानकारी सामने आई थी।

रेप की घटना के बाद सख्ती
इस निर्णय के पीछे तिरुवल्ला (पठानमथिट्टा) में हुई एक गंभीर घटना भी है। वहां एक गैंगस्टर ने झगड़े के बाद स्पा कर्मचारी के साथ रेप किया था। मेयर राजेश ने कहा, “तिरुवनंतपुरम में क्रॉस-जेंडर मसाज की अनुमति नहीं है। महिलाओं द्वारा पुरुषों को मसाज करना या पुरुषों द्वारा महिलाओं को मसाज करना हमारे देश के अलग सांस्कृतिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।”

कानूनी मानकों की होगी जांच
वी वी राजेश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि कानून किसी क्वालिफाइड मसाजर की आवश्यकता बताता है और स्पा में ऐसा नहीं है, तो यह गैरकानूनी माना जाएगा। नगर निगम जांच में यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि स्पा के दस्तावेज नकली न हों।

मेयर ने कहा, “तिरुवनंतपुरम एक तेजी से विकसित हो रही पोर्ट सिटी है। यहां व्यापार और अन्य गतिविधियों के लिए सभी प्रकार के लोगों का स्वागत है, लेकिन कानून और संस्कृति के खिलाफ किसी चीज की अनुमति नहीं दी जा सकती।”

वी वी राजेश के इस कड़े रुख के बाद शहर के स्पा संचालकों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, चूंकि वे खुद एडवोकेट हैं, इसलिए कानूनी रूप से क्रॉस-जेंडर मसाज पर पूर्ण रोक लगाना संभव नहीं है। अब शहर में यह चर्चा बनी हुई है कि मेयर अंतिम फैसला क्या लेंगे।

Leave a Reply