Tuesday, February 10

मुजफ्फरपुर: ‘किडनैपिंग नहीं, मेरा 9 साल का लव है’ – युवती ने प्रेमी से शादी कर थाने पहुंचकर सुनाई पूरी कहानी

मुजफ्फरपुर (बिहार): नगर थाना क्षेत्र से दो दिन पहले लापता घोषित हुई युवती ने शनिवार को आश्चर्यजनक खुलासा किया। उसने पुलिस से कहा, “सर, मेरा अपहरण नहीं हुआ है, मैंने अपनी मर्जी से अपने प्रेमी से मंदिर में विवाह कर लिया है। अब मुझे और मेरे पति को परेशान न किया जाए।”

This slideshow requires JavaScript.

युवती ने पुलिस को पूरी कहानी विस्तार से बताई। उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से घर से निकली थी और अब अपने पति के साथ ससुराल में रहना चाहती है।

9 साल पुरानी प्रेम कहानी:
युवती ने पुलिस पूछताछ में बताया कि करीब 9 साल पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मुलाकात एक युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान उनके बीच प्रेम संबंध विकसित हुए। कुछ समय तक वे लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। बाद में युवक के परिजनों को इस रिश्ते की जानकारी हुई, जिसके बाद पारिवारिक दबाव में युवती अपने घर लौट आई।

परिजन तैयार नहीं थे, तो मंदिर में शादी:
युवती ने कहा कि उसने अपने परिजनों को विवाह की इच्छा जताई, लेकिन वे इसके लिए तैयार नहीं थे। निराश होकर उसने घर से भागने का निर्णय लिया और अपने प्रेमी को इसकी जानकारी पहले ही दे दी। इसके बाद दोनों ने मंदिर में गुप्त रूप से शादी कर ली।

थाने में पेश होकर दिया बयान:
युवती के घर से लापता होने पर परिजनों ने नगर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, तभी युवती खुद थाने पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने युवती के बयान कोर्ट में दर्ज कराए। हालांकि, अब तक उसका पति पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ है और इस संबंध में युवती ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

Leave a Reply