Saturday, February 7

होली पर घर आने की टेंशन खत्म: रेलवे चलाएगा 1409 स्पेशल ट्रेनें

पटना: होली के त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत की खबर दी है। इस बार रेलवे बोर्ड ने रिकॉर्ड 1409 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है, ताकि यात्रियों को भीड़ और लंबी प्रतीक्षा की परेशानी न हो।

This slideshow requires JavaScript.

रेलवे अधिकारी के अनुसार, ये स्पेशल ट्रेनें 1 मार्च से 22 मार्च तक विभिन्न स्टेशनों से चलेंगी। ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ECR) इन ट्रेनों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसमें अकेले 285 स्पेशल ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों से चलाई जाएंगी। पिछले साल की तुलना में स्पेशल ट्रेनों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है; पिछली बार 1144 ट्रेनें चलायी गई थीं।

रेलवे जोनवार ट्रेनें:

  • पश्चिम रेलवे: 231 ट्रेनें

  • सेंट्रल रेलवे: 209 ट्रेनें

  • साउथ सेंट्रल रेलवे: 160 ट्रेनें

  • नॉर्दर्न रेलवे: 108 ट्रेनें

  • नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे: 71 ट्रेनें

  • नॉर्थ सेंट्रल रेलवे: 66 ट्रेनें

  • नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे: 62 ट्रेनें

  • ईस्ट कोस्ट रेलवे: 62 ट्रेनें

  • साउथ वेस्टर्न रेलवे: 47 ट्रेनें

  • वेस्ट सेंट्रल रेलवे: 43 ट्रेनें

  • साउथर्न रेलवे: 39 ट्रेनें

  • कोंकण रेलवे: 9 ट्रेनें

  • नॉर्थ फ्रंटियर रेलवे: 2 ट्रेनें

  • साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे: 15 ट्रेनें

किस शहर से चलेंगी होली स्पेशल ट्रेनें?
ECR के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि होली स्पेशल ट्रेनें पटना, मुंबई, दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु, हावड़ा और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से अप-डाउन करेंगी। उन्होंने कहा कि इन ट्रेनों के संचालन से होली पर लोगों को घर आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होगी

कुछ प्रमुख होली स्पेशल ट्रेनें:

  • सोगरिया-दानापुर स्पेशल (09821/09822): 28 फरवरी और 7 मार्च को सोगरिया (कोटा) से रात 11.10 बजे चलेगी और अगले दिन डीयू होते हुए रात 11.45 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में दानापुर से 2 और 9 मार्च को चलेगी।

  • रानी कमलापति-दानापुर स्पेशल (01667/01668): भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से 27 फरवरी और 2 मार्च को दोपहर 2.25 बजे चलेगी। वापसी में दानापुर से 28 फरवरी और 3 मार्च को सुबह 11.15 बजे चलेगी।

  • रानी कमलापति-अगरतला स्पेशल (01665/01666): 5 मार्च से हर गुरुवार को चलेगी, यह ट्रेन पाटलिपुत्र, बरौनी और कटिहार के रास्ते अगरतला जाएगी।

  • हापा-नाहरलगुन स्पेशल (09525): गुजरात के हापा से 4 मार्च से हर बुधवार चलेगी, जो वाराणसी, छपरा और हाजीपुर के रास्ते नाहरलगुन पहुंचेगी।

इस बार होली पर रेलवे की यह पहल यात्रियों के लिए खुशियों की सौगात साबित होगी और भीड़ में यात्रा करने की चिंता समाप्त कर देगी।

Leave a Reply