
गाजियाबाद: ट्रांस हिंडन क्षेत्र की एक सोसायटी में तीन मासूम बहनों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे परिसर में सन्नाटा और डर का माहौल है। जिस टावर में यह घटना हुई, वहां लोग सहमे हुए हैं और ग्राउंड फ्लोर पर संचालित ट्यूशन सेंटर में भी बच्चे नहीं जा रहे।
परिजन बदल गए फ्लैट:
घटना के अगले दिन बच्चियों के परिवार ने सोसायटी में किराए पर लिए गए दूसरे फ्लैट में शिफ्ट कर लिया। शुक्रवार को उन्होंने अस्थि विसर्जन की बात कहकर वहां से रवाना हो गए। पुलिस ने अभी तक हत्या या साजिश के ठोस सबूत नहीं पाए हैं, लेकिन पिता और अन्य परिजनों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
पुलिस का प्रारंभिक अनुमान:
पुलिस ने घटना के आत्महत्या होने की आशंका जताई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों बच्चियां कोरियन कल्चर और के-पॉप से प्रभावित थीं, जिसे उनके पिता समर्थन नहीं करते थे। पुलिस के अनुसार, इसी नाराजगी के चलते बच्चियों ने कथित तौर पर ऊंचाई से कूदकर जान दे दी। मौके से सुसाइड नोट मिलने और लॉबी का गेट अंदर से बंद होने की जानकारी भी सामने आई है।
परिवार और पड़ोसियों की चिंता:
घटना के बाद परिवार के सदस्य डर के कारण ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। आसपास के टावरों के लोग अपने बच्चों को ट्यूशन भेजना बंद कर दिए हैं और अब दूसरी जगह ट्यूशन सेंटर खोज रहे हैं।
अनसुलझे सवाल:
सोसायटी के निवासी कई सवालों के जवाब चाहते हैं:
-
इतनी ऊंचाई से गिरने पर खून के अधिक निशान क्यों नहीं मिले?
-
घटना के तुरंत बाद परिवार का नीचे मौजूद होना क्या किसी पूर्व अंदेशे की ओर इशारा करता है?
-
लिफ्ट में पति-पत्नी के बीच कथित कहासुनी का सच क्या है?
-
ऑनलाइन या कोरियन कंटेंट का कोई सीधा संबंध है या नहीं?
पुलिस की जांच:
अब तक के साक्ष्य आत्महत्या की ओर इशारा करते हैं, लेकिन पुलिस बेचे गए मोबाइल फोन को ट्रेस कर रही है। फॉरेंसिक जांच से कॉल डिटेल और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे।
पारिवारिक पृष्ठभूमि:
स्थानीय लोगों के अनुसार, बच्चियों के पिता की चार शादियां हुईं, जिसमें पहली पत्नी का निधन हो चुका था। परिवार आर्थिक रूप से सक्षम दिखता है और सोसायटी में दो 3-BHK फ्लैट किराए पर लिए हुए थे। चौथी पत्नी की गुमशुदगी का मामला भी पिछले साल सामने आया था, जिसे बाद में सुलझा लिया गया।