
मुंबई: केंद्रीय रेल बजट 2026-27 में महाराष्ट्र के लिए कुल 23,926 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी गई है। इसमें मुंबई और महाराष्ट्र के उपनगरीय नेटवर्क को अपग्रेड करने, अमृत भारत स्टेशन योजना को पूरा करने, एसी लोकल की संख्या बढ़ाने, नई ट्रैक और मौजूदा ट्रैक का विस्तार करने के साथ-साथ मुंबई-गोवा के बीच मौजूदा सिंगल लाइन को डबल करने जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।
मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (MUTP) 3:
मुंबई के सबर्बन सेक्शन को अपग्रेड करने के लिए MUTP 3 के तहत पांच महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इसके लिए इस बजट में लगभग 462 करोड़ रुपये दिए गए हैं। प्रोजेक्ट में पश्चिम रेलवे के अधीन विरार-दहानू ट्रैक का चौगुनीकरण, मध्य रेलवे पर पनवेल-कर्जत कॉरिडोर, ऐरोली-कलवा एलिवेटेड डबल लाइन और 12 डिब्बों की 238 एसी लोकल चलाने के प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा, दोनों रेलवे लाइन पर ट्रेस्पासिंग कंट्रोल के लिए अंडरपास और फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
वाढवण पोर्ट और लॉजिस्टिक्स:
महाराष्ट्र के बढ़ते उद्योग और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को ध्यान में रखते हुए वाढवण पोर्ट को रेलवे से जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसके तहत सूरत से वाढवण तक डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर बनाया जाएगा और पश्चिम बंगाल तक कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाएगी।
मुंबई-गोवा रेल डबलिंग:
कोंकण रेलवे नेटवर्क को डबल करने की मांग को अब मंजूरी मिल गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार हो चुकी है और अप्रूवल के बाद काम शुरू किया जाएगा। डबलिंग से मुंबई से गोवा तक की कैपेसिटी दोगुनी होगी और सफर सुरक्षित एवं तेज़ होगा।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन और हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर:
मौजूदा मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के लिए इस साल 6,103 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पहला चरण सूरत से बिलिमोरा तक 50 किमी का खंड इस साल पूरा होगा और 2027 में जनता के लिए शुरू होगा। दूसरा खंड वापी-अहमदाबाद तक 2027 के अंत तक पूरा होगा और 2028 में चलाया जाएगा। इसके अलावा महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे और पुणे-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का भी ऐलान किया गया है।
नासिक कुंभ पर विशेष ध्यान:
आगामी नासिक कुंभ मेले को देखते हुए रेलवे बड़े पैमाने पर तैयारियाँ कर रहा है। इसमें नए रूट, एक्स्ट्रा ट्रेनें, स्टेशन डेवलपमेंट और पैसेंजर सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र में इन प्रोजेक्ट्स से न केवल यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा, बल्कि रोजगार और उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।