
देश के कई हिस्सों में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 के लिए 9 राज्यों में शीतलहर और 5 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर भारत में शीतलहर का कहर
IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। इन राज्यों के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता कम हो सकती है और सड़क व रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर भारत के करीब 19 शहरों में शीतलहर का तीव्र रूप देखने को मिल सकता है।
5 राज्यों में मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
IMD के अनुसार, 31 जनवरी को राजस्थान में बारिश की संभावना है, जबकि 1 फरवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
धुंध और कोहरे से बढ़ेगी परेशानी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और बिहार में घने कोहरे और धुंध की मोटी चादर छाने की चेतावनी दी गई है। इससे इन राज्यों में विजिबिलिटी काफी कम रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, जबकि मध्य भारत में अगले 24 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
IMD ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर सक्रिय है, जिसका असर आने वाले दिनों में उत्तर भारत के मौसम पर देखने को मिलेगा।
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा आज मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में शीतलहर जारी है। तापमान में हाल के दिनों में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
IMD के अनुसार, आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7–8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 31 जनवरी और 1 फरवरी को एनसीआर में मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान बारिश, गरज-चमक और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। 1 फरवरी को गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का विशेष अलर्ट जारी किया गया है।
प्रमुख शहरों का अनुमानित तापमान (30 जनवरी)
दिल्ली: 19°C / 7°C
मुंबई: 28°C / 25°C
कोलकाता: 27°C / 18°C
चेन्नई: 28°C / 23°C
लखनऊ: 21°C / 11°C
पटना: 22°C / 12°C
भोपाल: 24°C / 11°C
जयपुर: 20°C / 11°C
शिमला: 17°C / 4°C
नैनीताल: 19°C / 9°C
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का हाल
उत्तर प्रदेश में बारिश के बाद ठंड और बढ़ गई है। लखनऊ सहित कई जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दिन में धूप निकलने की संभावना है, लेकिन रात में तापमान गिर सकता है।
वहीं उत्तराखंड के कई जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हिमस्खलन की चेतावनी भी दी गई है।