
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के निर्माण के साथ ही इसके आसपास के क्षेत्रों में बड़े विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसी कड़ी में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने अपने क्षेत्र में डिजिटल म्यूजियम, योग केंद्र और वेलनेस सेंटर विकसित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही इन परियोजनाओं के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया जाएगा, इसके बाद कंसल्टेंट नियुक्त कर कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
यीडा अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इन आधुनिक सुविधाओं को विकसित किया जाएगा, ताकि यमुना अथॉरिटी क्षेत्र को सांस्कृतिक, शैक्षणिक और स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जा सके।
हेरिटेज सिटी में भी प्रस्ताव
डिजिटल म्यूजियम और योग-वेलनेस सेंटर को यमुना सिटी की प्रस्तावित हेरिटेज सिटी में विकसित करने की भी तैयारी है। हालांकि, यदि किसी कारणवश इस प्रोजेक्ट में देरी होती है, तो इन्हें वैकल्पिक स्थान पर स्थापित किया जा सकता है।
धनौरी में बनेगा बायोडायवर्सिटी पार्क
इसके साथ ही यीडा ने धनौरी क्षेत्र को वेटलैंड घोषित करते हुए वहां लगभग 116 हेक्टेयर क्षेत्र में बायोडायवर्सिटी पार्क विकसित करने की योजना बनाई है। इस पार्क के जरिए जैव विविधता संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
क्या होगा डिजिटल म्यूजियम में खास
डिजिटल म्यूजियम में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, कलात्मक और वैज्ञानिक धरोहरों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। यहां तस्वीरों, दस्तावेजों, मूर्तियों और कलाकृतियों की जानकारी वीडियो, ऑडियो और 3डी मॉडल के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे आम लोग और पर्यटक देश की विरासत से सहज रूप से जुड़ सकें।
योग और वेलनेस सेंटर की सुविधाएं
वेलनेस सेंटर में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यहां योग, ध्यान, प्राणायाम, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, फिटनेस ट्रेनिंग और तनाव प्रबंधन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रशिक्षित योग शिक्षक और स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
यीडा के सीईओ आर. के. सिंह ने बताया कि यमुना क्षेत्र में इन परियोजनाओं की विस्तृत प्लानिंग की जा रही है। इन सुविधाओं के विकसित होने से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, बल्कि एयरपोर्ट के माध्यम से आने वाले पर्यटकों को भी बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।