Monday, December 22

खरगोन में जहरीले मुर्गे ने मादा तेंदुए की जान ले ली

खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद वन परिक्षेत्र में दो साल की मादा तेंदुआ मृत अवस्था में पाई गई। मृत तेंदुए के मुंह से खून बह रहा था। शुरुआती जांच में पता चला है कि तेंदुए ने जहर लगे मुर्गे का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

This slideshow requires JavaScript.

वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) रमेश राठौड़ ने बताया कि यह घटना उस समय सामने आई जब कृषक विजय चौहान ने अपने खेत में मृत तेंदुआ देखा और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में यह स्पष्ट हुआ कि किसी ने जहर छिड़के मुर्गे को जानबूझकर बांध रखा था।

जांच में डॉग स्निफर टीम की मदद से सुराग मिले। कुत्ता लगभग एक किलोमीटर तक संदिग्ध स्थान तक गया, जिससे पता चला कि यह जाल जंगली सूअरों को पकड़ने के लिए बिछाया गया था। विभाग अब चार संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रहा है, जो सूअरों को पकड़ने का काम करते हैं। अधिकारियों का कहना है कि मादा तेंदुआ गलती से इस जाल में फंस गई।

वन विभाग ने यह भी संदेह व्यक्त किया कि ‘जादू-टोना या तांत्रिक कारणों’ से तेंदुए को मारने की साजिश भी हो सकती है। मृत तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विसरा जांच से मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।

यह क्षेत्र नर्मदा वन परिक्रमा मार्ग में आता है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही सामान्य है। घटना के बाद ग्रामीणों और वन विभाग में भय और आक्रोश का माहौल है। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की पकड़ के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply