
बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस फातिमा सना शेख ने हाल ही में अपना एक मजेदार और रोमांचक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिसमें वह पहली बार क्लिफ जंपिंग करती नजर आईं। वीडियो में फातिमा ऊँची पहाड़ी से नदी में छलांग लगाती दिख रही हैं।
इस अनुभव के बारे में फातिमा ने लिखा, “छलांग लगाने से पहले किनारे पर खड़े होकर हिम्मत जुटाने में पूरे 20 मिनट लगे। आखिरकार मैंने फैसला किया और कूद गई।”
उन्होंने बताया कि पानी से टकराने से ठीक पहले का पल बेहद लंबा और डरावना लगता है। पेट में अजीब सी घबराहट और डर होता है, लेकिन उसी कुछ सेकंड में डर धीरे-धीरे जोश में बदल गया। फातिमा ने कहा, “पहली छलांग के बाद मन का डर खुद-ब-खुद खत्म हो गया। दरअसल डर छलांग लगाने से नहीं, बल्कि दिमाग में बनाई गई कहानियों से होता है। हमें बस एक बार छलांग लगाने की जरूरत है।”
उनके इस साहसिक कदम की फैंस ने सोशल मीडिया पर खूब तारीफ की। फातिमा अक्सर अपनी ट्रिप्स, एडवेंचर्स और पर्सनल मोमेंट्स सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं।
हाल ही में उनकी फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ रिलीज़ हुई थी, जिसमें उन्होंने विजय के साथ पहली बार रोमांस किया। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह और शारिब हाशमी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को ज्यादा सफलता नहीं मिली।