Sunday, February 1

असम में प्रियंका गांधी की एंट्री से पहले हिमंता बिस्वा सरमा का बड़ा दावा: NDA को 103 सीटें मिलने का अनुमान

 

This slideshow requires JavaScript.

 

गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। प्रियंका गांधी की असम में एंट्री से पहले राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बीजेपी और एनडीए के पक्ष में बड़ी जीत का दावा किया है।

 

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि मार्च-अप्रैल में होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी और उसके सहयोगी एनडीए 126 में से 103 सीटें जीत सकते हैं। उन्होंने बताया कि पहले यह अनुमान लगभग 90 सीटों का था, लेकिन हाल ही में सीटों के परिसीमन के बाद यह संख्या 13-15 सीटें बढ़ गई है।

 

असम में बीजेपी तीन क्षेत्रीय पार्टियों के साथ गठबंधन में है—असम गण परिषद (AGP), यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (UPPL) और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF)। वहीं कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को मोर्चे पर लगाकर बीजेपी को चुनौती देने की रणनीति अपनाई है।

 

पिछले विधानसभा चुनावों का रिकॉर्ड

 

2021: बीजेपी 60 +15 (AGP & UPPL), कांग्रेस 29, AIUDF 16, अन्य 1

2016: बीजेपी 60 +28 (AGP & BPF), कांग्रेस 26, AIUDF 13, अन्य 1

2011: बीजेपी 5, कांग्रेस 78, AIUDF 8, अन्य 30 (BPF, AGP, AITC & अन्य)

 

कांग्रेस की रणनीति

असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि उनकी पार्टी इस बार 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बाकी 26 सीटें संभावित सहयोगियों—जैसे रायजोर दल, असम जातीय परिषद और CPI(M)—के लिए छोड़ी जाएंगी। गौरव गोगोई खुद वर्तमान में लोकसभा सदस्य हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) विपक्षी गठबंधन का हिस्सा नहीं होगा।

 

असम में कुल 126 विधानसभा सीटें हैं। किसी भी पार्टी या गठबंधन के लिए सरकार बनाने के लिए कम से कम 64 विधायक होना जरूरी है। बीजेपी की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा हिमंता बिस्वा सरमा होंगे, जबकि कांग्रेस ने गौरव गोगोई को अपना प्रमुख नेता बनाया है।

 

 

Leave a Reply