ईरान में दमन की नई मिसाल: 26 वर्षीय प्रदर्शनकारी इरफान सोलतानी को आज फांसी, परिवार को अंतिम मुलाकात के लिए सिर्फ 10 मिनट
ईरान में जारी हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के बीच आज एक ऐसा कदम उठाया जा रहा है, जिसने पूरी दुनिया में चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है। ईरानी प्रशासन आज 26 वर्षीय प्रदर्शनकारी इरफान सोलतानी को फांसी देने जा रहा है। यह ईरान में मौजूदा आंदोलन के दौरान किसी प्रदर्शनकारी को दी जाने वाली पहली मौत की सजा मानी जा रही है।
इरफान सोलतानी को 8 जनवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के दौरान हिरासत में लिया गया था। परिवार का आरोप है कि न तो गिरफ्तारी की कोई आधिकारिक सूचना दी गई और न ही मुकदमे की सुनवाई की तारीखों के बारे में कोई जानकारी साझा की गई। परिवार को सिर्फ यह बताया गया कि अदालत ने इरफान को मौत की सजा सुनाई है और उन्हें आखिरी मुलाकात के लिए मात्र 10 मिनट दिए जाएंगे।
‘भगवान के खिलाफ विद्रोह’ का आरोप
ईरानी न्याय व्यवस्था के अन...










