
रियाद, 14 जनवरी: तेल से मालामाल सऊदी अरब को अब सोने का भी बड़ा खजाना मिल गया है। सरकारी खनन कंपनी मादेन (Maaden) ने चार जगहों पर विशाल सोने के भंडार की खोज की है, जिससे देश के ज्ञात सोने के संसाधनों में 70 लाख औंस से अधिक का इजाफा हुआ है।
मादेन ने 12 जनवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की। कंपनी के अनुसार यह अभियान किसी भी एक देश में किया गया दुनिया का सबसे बड़ा सोने का खोज अभियान है।
मुख्य भंडार और मात्रा:
वादी अल जव: 38 लाख औंस
मंसूराह: 30 लाख औंस
उरुक और उम अस्सलाम: 16.7 लाख औंस
क्या है औंस?
सोने जैसी कीमती धातुओं को मापने के लिए औंस का इस्तेमाल होता है। 1 औंस = 31.10 ग्राम। भारत में आमतौर पर सोने का व्यापार ग्राम में किया जाता है।
मादेन की रणनीति और भविष्य की योजना:
मादेन ने कहा कि एडवांस्ड ड्रिलिंग तकनीक से नए जोन की पहचान हुई है। कंपनी के सीईओ बॉब विल ने बताया कि खोज के नतीजे दीर्घकालिक रणनीति के सकारात्मक संकेत दे रहे हैं।
MBS का विजन 2030:
सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) की योजना “विजन 2030” के तहत देश अपनी अर्थव्यवस्था में विविधता ला रहा है। इसका लक्ष्य खनिज उत्खनन को तेल-आधारित राजस्व पर निर्भरता कम करने का मूलभूत स्तंभ बनाना है और सालाना जीडीपी में 120 अरब सऊदी रियाल का योगदान देना है।
इस खोज से सऊदी अरब न केवल तेल, बल्कि खनिज संपदा के मामले में भी विश्व मानचित्र पर और मजबूत स्थिति में आ गया है।