Saturday, February 7

अमेरिका ने भी PoK को माना भारत का हिस्सा

वॉशिंगटन/नई दिल्ली: कश्मीर पर प्रोपेगैंडा फैलाने वाले पाकिस्तान को अमेरिका की हालिया कार्रवाई ने जोरदार झटका दिया है। अमेरिकी ट्रेड प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने भारत का नक्शा जारी किया है जिसमें पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत का हिस्सा दिखाया गया है, और इसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) भी शामिल है।

This slideshow requires JavaScript.

यह नक्शा भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुई व्यापार डील के फ्रेमवर्क के बाद पोस्ट किया गया। इसे पाकिस्तान के लंबे समय से चल रहे कश्मीर पर झूठे प्रोपेगैंडा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

कश्मीर पर अमेरिका का बदला रुख
पारंपरिक रूप से अमेरिका कश्मीर को भारत-पाकिस्तान का द्विपक्षीय मामला मानता रहा है। सितंबर 2023 में भारत में तत्कालीन अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने कहा था कि कश्मीर का मुद्दा केवल भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत से ही सुलझाया जा सकता है।

हालांकि, पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कश्मीर को लेकर ऐसे बयान दिए थे, जो पारंपरिक रुख से अलग थे। ट्रंप ने सीधे तौर पर मध्यस्थता की पेशकश करते हुए कहा था कि वे कश्मीर के मुद्दे पर समाधान तलाशने की कोशिश करेंगे।

भारत का रुख
भारत ने बार-बार स्पष्ट किया है कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा। भारत का कहना है कि पाकिस्तान से किसी भी बातचीत का संबंध केवल कब्जे वाले कश्मीर (PoK) की वापसी से होगा। भारतीय संसद ने 22 फरवरी 1994 को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया था, जिसमें PoK को भारत का अभिन्न अंग बताया गया और इसे अलग करने के किसी भी प्रयास का विरोध करने का ऐलान किया गया। इसी कारण हर साल 22 फरवरी को जम्मू-कश्मीर संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पाकिस्तान पर असर
अमेरिकी नक्शा पोस्ट करने के बाद पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार और सेना के उच्च अधिकारी फील्ड मार्शल असीम मुनीर के कूटनीतिक प्रयासों और ट्रंप की खुशामद को भी चुनौती मिली है। इस नक्शे को पाकिस्तान के लंबे समय से चल रहे कश्मीर प्रोपेगैंडा पर बड़ा झटका माना जा रहा है।

Leave a Reply