
सीतामढ़ी। जिले में हथियार का प्रदर्शन और उसे स्टेटस सिंबल के रूप में दिखाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी के जिलाधिकारी (डीएम) रिची पांडेय ने लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग करने के आरोप में जिले के दो रसूखदार व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिए हैं।
इस कार्रवाई में शामिल एक व्यक्ति पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत शाहिद अली खां के भतीजे शादाब अहमद खान हैं, जबकि दूसरा व्यक्ति निशित सिंह है, जिसकी छवि आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्ति के रूप में बताई जा रही है। डीएम द्वारा एक साथ दो लोगों के हथियार लाइसेंस रद्द किए जाने का फैसला जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
एसपी की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई एसपी अमित रंजन द्वारा भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। रिपोर्ट में दोनों व्यक्तियों द्वारा लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन किए जाने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की बात सामने आई थी।
डीएम द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई की जानकारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (डीपीआरओ) कमल सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद जिले में इस तरह का कठोर निर्णय लिया गया है।
बाइक पर राइफल लहराने का वीडियो हुआ था वायरल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादाब अहमद खान पर आरोप है कि वह बाइक पर बैठकर अपनी लाइसेंसी राइफल लहराते हुए लोगों में भय का माहौल बना रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
वीडियो के आधार पर डुमरा थाना में आर्म्स एक्ट एवं आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान वीडियो को सही पाया गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की।
पूर्व मंत्री के भतीजे पर गिर सकती है बड़ी कार्रवाई की आंच
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा हथियार का प्रदर्शन कर आम जनता को डराने का प्रयास किया गया था। इसके बाद एसपी की अनुशंसा पर डीएम ने शादाब अहमद खान का शस्त्र लाइसेंस रद्द कर दिया। बताया गया कि शादाब अहमद खान मेहसौल चौक क्षेत्र के निवासी हैं।
आपराधिक छवि वाले निशित सिंह का भी लाइसेंस रद्द
वहीं दूसरी ओर, शहर के जानकी स्थान, वार्ड नंबर-8 निवासी निशित सिंह के पास मौजूद रिवॉल्वर और राइफल के लाइसेंस को भी प्रशासन ने रद्द कर दिया है।
पुलिस रिपोर्ट में निशित सिंह के आपराधिक इतिहास और गतिविधियों का उल्लेख किया गया था। कानून व्यवस्था के मद्देनजर एसपी ने डीएम को इनके हथियार लाइसेंस निरस्त करने की अनुशंसा की थी।
एसपी की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद डीएम ने निशित सिंह का भी रिवॉल्वर और राइफल लाइसेंस रद्द कर दिया।
प्रशासन का संदेश साफ: हथियार प्रदर्शन पर नहीं मिलेगी छूट
डीएम रिची पांडेय के इस निर्णय को जिले में कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई स्पष्ट संकेत है कि अब हथियार का प्रदर्शन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
