Wednesday, June 24

This slideshow requires JavaScript.

लेशी सिंह, श्रेयसी सिंह और रमा निषाद को मिल सकते हैं अहम विभाग, दो नामों पर लगभग मुहर तय

पटना।
बिहार विधानसभा चुनाव में महिलाओं ने रिकॉर्ड मतदान कर इतिहास रचा, लेकिन नई सरकार के मंत्रिमंडल में महिला प्रतिनिधित्व उम्मीद से कम रहा। गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में कुल तीन महिलाओं—लेशी सिंह, रमा निषाद और श्रेयसी सिंह—ने मंत्री पद की शपथ ली। कुल मंत्रियों में यह संख्या सिर्फ 11% के करीब है, लेकिन माना जा रहा है कि इन्हें महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

This slideshow requires JavaScript.

पहली महिला मंत्री—लेशी सिंह

जदयू की वरिष्ठ और छह बार की विधायक लेशी सिंह को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का सबसे भरोसेमंद साथियों में गिना जाता है। पिछली सरकार में वे खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री थीं।
उन्हें एक बार फिर मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से कयास है कि लेशी सिंह को इस बार समाज कल्याण विभाग की जिम्मेदारी दी जा सकती है। वे पहले भी इस विभाग का नेतृत्व कर चुकी हैं।
लेशी ने कहा,
“सीएम ने मुझ पर दोबारा भरोसा जताया है, मैं पूरी निष्ठा से बिहार के विकास में योगदान दूंगी।”

दूसरी महिला मंत्री—रमा निषाद

राजनीति में नया लेकिन मजबूत कदम रखने वाली रमा निषाद पहली बार विधायक बनीं और सीधे मंत्रिमंडल में जगह बनाई। वे मुजफ्फरपुर के औराई सीट से चुनकर आई हैं और पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं।
रमा निषाद को ऐसे विभाग की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है, जिसमें महिलाओं और ग्रामीण विकास से जुड़े विषय प्रमुख हैं।

तीसरी महिला मंत्री—श्रेयसी सिंह

कॉमनवेल्थ स्वर्ण पदक विजेता और देश की स्टार निशानेबाज श्रेयसी सिंह लगातार दूसरी बार जमुई से भाजपा विधायक बनी हैं और पहली बार मंत्री पद पर पहुंची हैं।
श्रेयसी बड़े राजनीतिक परिवार से आती हैं और युवाओं में उनकी लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें खेल विभाग दिया जाना लगभग तय माना जा रहा है।
उन्होंने कहा—
“मैं प्रधानमंत्री मोदी जी और पार्टी नेतृत्व की आभारी हूं। बिहार के विकास के लिए ईमानदारी से काम करूँगी।”

किसे मिल सकता है कौन-सा विभाग?—संभावनाओं की सूची

  • लेशी सिंह: समाज कल्याण विभाग की मजबूत दावेदार
  • श्रेयसी सिंह: खेल एवं युवा विभाग की जिम्मेदारी की चर्चा तेज
  • रमा निषाद: महिला, बाल विकास, ग्रामीण विकास या सहकारिता से जुड़े विभागों पर विचार

विभागों का आधिकारिक ऐलान जल्दी होने की संभावना है।

महिलाओं ने मतदान में बनाया रिकॉर्ड

इस चुनाव में बिहार में 66.91% मतदान हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक है।

  • पुरुष मतदान: 62.8%
  • महिला मतदान: 71.6%

इसके बावजूद मंत्रिमंडल में महिलाओं की संख्या कम होना चर्चा का विषय है। हालांकि, जिन्हें जगह मिली है, वे सभी अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पहचान और प्रभाव रखती हैं।

Leave a Reply