Thursday, February 5

अकबर-बाबर पर फिल्में क्यों बनती हैं, राजपूत राजाओं और शिवाजी महाराज पर क्यों नहीं: सुनील शेट्टी ने उठाया सवाल

नई दिल्ली, 5 फरवरी 2026: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने हाल ही में अपनी फिल्म ‘केसरी वीर’ के बॉक्स ऑफिस पर कमजोर प्रदर्शन और भारतीय इतिहास की प्रस्तुतियों को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि अकबर, बाबर और बीरबल जैसे ऐतिहासिक व्यक्तित्वों पर फिल्में बनती हैं, लेकिन राजपूत राजाओं और छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में उतनी चर्चा क्यों नहीं होती, इस पर गंभीर सवाल उठाया।

This slideshow requires JavaScript.

‘केसरी वीर’ का अनुभव

सुनील शेट्टी ने बताया कि फिल्म ‘केसरी वीर’, जो गुजरात के सोमनाथ मंदिर पर हुए विध्वंस पर आधारित थी, बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों तक सही तरह से नहीं पहुंच सकी। उन्होंने कहा, “हमने फिल्म बनाने से पहले काफी रिसर्च किया, लेकिन दुर्भाग्य से यह फिल्म ठीक से रिलीज नहीं हो पाई। डिस्ट्रीब्यूशन एक बड़ा खेल है। थिएटर नहीं मिले और निर्माता को भारी नुकसान उठाना पड़ा। एक अच्छी फिल्म बर्बाद हो गई।”

इतिहास पर दो टूक बात

सुनील ने आगे कहा, “हम औरंगजेब, अकबर, बाबर, बीरबल के बारे में ही क्यों बात करते हैं? हमारा इतिहास हमारी संस्कृति के बारे में होना चाहिए। इसमें वेद, राजपूत राजाओं, शिवाजी महाराज और हर राज्य के हर नायक के बारे में चर्चा होनी चाहिए।”

उन्होंने सोमनाथ मंदिर के प्रति अपनी भावनाओं को भी साझा करते हुए कहा, “सोमनाथ मंदिर को कितनी बार लूटा गया, लेकिन यह आज भी खड़ा है। इसकी रक्षा और इतिहास हमारी जिम्मेदारी है।”

सिलेबस और संस्कृति पर उठे सवाल

सुनील शेट्टी की बात भारतीय इतिहास की शिक्षा पर भी जुड़ती है। इससे पहले अक्षय कुमार ने अपनी फिल्म ‘पृथ्वीराज चौहान’ के प्रचार के दौरान कहा था कि स्कूल के सिलेबस में हमारी संस्कृति और महाराजाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान के बारे में केवल 2-3 पंक्तियां पढ़ाई जाती हैं, जबकि आक्रमणकारियों के बारे में बहुत कुछ लिखा गया है।

सोमनाथ में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम

जनवरी 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में भाग लिया। यह आयोजन मंदिर पर 1026 में हुए पहले आक्रमण की 1,000वीं वर्षगांठ पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में 72 घंटे तक लगातार ओंकार मंत्र का जाप किया गया और 3,000 ड्रोन द्वारा लाइट शो का संचालन किया गया।

सुनील शेट्टी की आने वाली फिल्में

काम की बात करें तो सुनील शेट्टी ने हाल ही में ‘बॉर्डर 2’ में कैमियो किया, जिसमें उनके बेटे अहान शेट्टी के साथ सनी देओल, दिलजीत दोसांझ और वरुण धवन प्रमुख रोल्स में थे। इसके अलावा वह ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘हेरा फेरी 3’ में भी दिखाई देंगे।

Leave a Reply