
पटना: बिहार के मौसम में ठंड लौट आई है। अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी रहेगी। पटना सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में पछुआ हवा चलने के साथ बादल छाये रहने के आसार हैं।
कोहरे के लिए अलर्ट जारी
पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद जिलों में घने कोहरे के लिए चेतावनी दी गई है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के समय हल्की धूप के साथ मौसम सामान्य रहेगा। हाल के 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी गई। सबसे कम तापमान सिवान में 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अन्य जिलों में रात का तापमान 11 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
पटना का मौसम
पटना में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12-14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रहेगी।
कोहरे और नमी का असर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं और वातावरण में नमी के कारण उत्तर बिहार में घना कोहरा बन सकता है। सुबह के समय विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक सीमित रह सकती है। हालांकि, सुबह के कुहासे के बाद धूप निकलने से मौसम साफ हो जाएगा।