
मुंबई: मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने नए मेयर और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के लिए गाड़ियों की तैयारी पूरी कर ली है। आगामी बीएमसी मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव 11 फरवरी को होंगे। इसके बाद स्टैंडिंग कमेटी, एजुकेशन कमेटी, इम्प्रूवमेंट कमेटी, BEST कमेटी और 18 वार्ड कमेटी के चेयरमैन के चुनाव होंगे।
बीएमसी ने मेयर के लिए 30 लाख रुपये की टोयोटा इनोवा हाइब्रिड कार खरीदी है। मेयर की इस नई गाड़ी के आगे मेयर का नाम और मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन का लोगो लगाया जाएगा।
डिप्टी मेयर और अन्य नेताओं के लिए स्कॉर्पियो N
डिप्टी मेयर, सदन के नेता और विपक्ष के नेता के लिए स्कॉर्पियो N गाड़ियां उपलब्ध रहेंगी। इन स्कॉर्पियो गाड़ियों के दोनों तरफ भगवा पट्टियां डिज़ाइन की जाएंगी, ताकि इन्हें आसानी से पहचाना जा सके।
वार्ड कमेटी के चेयरमैन के लिए भी विशेष गाड़ियां
मुंबई में 18 वार्ड कमेटी हैं। इनके चेयरमैन को पीली नंबर प्लेट वाली लीज पर गाड़ियां दी जाएंगी। इन गाड़ियों को खरीदने और लीज पर देने में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने करोड़ों रुपये खर्च किए हैं।
खरीद प्रक्रिया पूरी
BMC के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विभाग ने इन सभी गाड़ियों की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली है। मेयर, डिप्टी मेयर और कमेटी चेयरमैन की गाड़ियां उन्हें रोज़ाना इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराई जाएंगी।