Saturday, January 10

बांदा में पिता ने डेढ़ वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या, शव यमुना नदी में फेंका

 

This slideshow requires JavaScript.

 

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पचकौरी गांव के रहने वाले राजेंद्र ने अपने डेढ़ वर्षीय बेटे कार्तिक की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को यमुना नदी में फेंक दिया। आरोपी पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

 

जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 जनवरी की रात हुई। राजेंद्र, जो फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के धनुहन डेरा गांव का निवासी है, अपनी पत्नी शारदा से मिलने ससुराल आया हुआ था। रात में जब पत्नी गहरी नींद में थी, तभी उसने अपने मासूम बेटे को गोद में उठाकर घर से बाहर ले जाकर यमुना नदी के किनारे गला घोंट दिया। इसके बाद शव को नाव में रखकर नदी की बीच धारा में फेंक दिया।

 

सुबह जब शारदा ने पति और बेटे को घर में नहीं पाया, तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने तीन दिन तक यमुना नदी के आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच राजेंद्र के अपने गांव लौटने की सूचना मिली। ससुराल वालों ने पूछताछ की तो दबाव में आकर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।

 

पुलिस के अनुसार, राजेंद्र की पहले दो बेटियों की मौत हो चुकी है, जिससे उसका मानसिक संतुलन प्रभावित था। वह अक्सर पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देता था, इसी कारण शारदा डेढ़ साल से मायके में रह रही थी।

 

थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। तेज बहाव के कारण यमुना नदी में शव की तलाश में कठिनाई आ रही है, फिर भी पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से खोज जारी है। क्षेत्राधिकारी सदर राजवीर सिंह गौर ने बताया कि आरोपी शराब का आदी है और पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।

 

मामले में सुसंगत धाराओं में बढ़ोत्तरी कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply