
नई दिल्ली।
चीन ने हाल ही में विदेशी यात्रियों की सुविधा के लिए ‘Nihao China’ नाम का एक ऑल-इन-वन मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इसके बाद इंटरनेट और सोशल मीडिया पर इसकी तुलना भारत की UPI One World सर्विस से की जा रही है। हालांकि, दोनों का उद्देश्य भले ही विदेशी यात्रियों की यात्रा को आसान बनाना हो, लेकिन इनके काम और ढांचे में बड़ा अंतर है।
क्या है Nihao China ऐप?
Nihao China को खासतौर पर चीन आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए तैयार किया गया है। चीन में गूगल, ऊबर और कई अंतरराष्ट्रीय ऐप्स काम नहीं करते, जिससे विदेशियों को इंटरनेट, ट्रांसपोर्ट और डिजिटल पेमेंट में परेशानी होती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए यह ऐप लॉन्च किया गया है।
Nihao China एक ऑल-इन-वन ऐप है, जिसमें यात्रियों को कई सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलती हैं। इसके जरिए यूजर QR कोड से डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं, बस और मेट्रो की जानकारी ले सकते हैं, मैप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं और भाषा अनुवाद की सुविधा पा सकते हैं। इसके अलावा ऐप में वीजा, ई-सिम, टैक्स रिफंड और ट्रैवल गाइड से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध है। कुल मिलाकर, यह ऐप चीन में यात्रा और ठहरने को आसान बनाने का काम करता है।
क्या है UPI One World?
भारत की UPI One World कोई अलग ऐप नहीं, बल्कि एक पेमेंट सर्विस है। इसे भारत आने वाले विदेशी यात्रियों के लिए शुरू किया गया है, ताकि वे अपने अंतरराष्ट्रीय बैंक अकाउंट और कार्ड के जरिए भारत में UPI पेमेंट कर सकें।
इस सर्विस के तहत विदेशी यात्रियों को एक अस्थायी UPI ID मिलती है, जिससे वे होटल, दुकान, टैक्सी और अन्य सेवाओं के लिए आसानी से भुगतान कर सकते हैं। इससे विदेशी मुद्रा बदलने या कैश रखने की जरूरत नहीं पड़ती। UPI One World का मकसद भारत को विदेशी पर्यटकों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाना है।
Nihao China बनाम UPI One World: क्या है फर्क?
हालांकि दोनों ही विदेशी यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू किए गए हैं, लेकिन इनमें कई अहम अंतर हैं—
- Nihao China एक स्टैंडअलोन मोबाइल ऐप है, जिसे डाउनलोड करना होता है, जबकि UPI One World एक पेमेंट सर्विस है, जो अलग-अलग UPI ऐप्स के जरिए उपलब्ध है।
- Nihao China में पेमेंट के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट, मैप्स, भाषा अनुवाद, ई-सिम और टूरिस्ट सुविधाएं मिलती हैं।
- UPI One World का फोकस केवल डिजिटल पेमेंट पर है, जिससे विदेशी यात्री भारत में बिना कैश के लेन-देन कर सकें।
भारत में भी ऐसी ऐप की मांग
Nihao China के लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर भारत में भी इसी तरह की ऑल-इन-वन ऐप की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि भारत को सिर्फ UPI पेमेंट तक सीमित न रहते हुए विदेशी यात्रियों के लिए ट्रैवल, ट्रांसपोर्ट और डिजिटल सेवाओं से लैस एक समग्र ऐप लॉन्च करनी चाहिए।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि भारत ऐसा कदम उठाता है, तो इससे देश की टूरिज्म इंडस्ट्री को बड़ा बढ़ावा मिल सकता है और विदेशी यात्रियों का अनुभव और बेहतर हो सकता है।