Tuesday, December 16

उत्तर प्रदेश पर टाटा ग्रुप की बड़ी मेहरबानी

हजारों करोड़ का निवेश, नोएडा बनेगा कॉर्पोरेट हब
होटल, ऊर्जा और ईवी सेक्टर में ऐतिहासिक विस्तार**

This slideshow requires JavaScript.

लखनऊ। देश के सबसे बड़े औद्योगिक समूह टाटा ग्रुप ने उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर बड़ा कदम उठाया है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच लखनऊ में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद राज्य में हजारों करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ हो गया है। इस निवेश से उत्तर प्रदेश औद्योगिक, पर्यटन और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में 60 नए ताज होटल, 1900 लग्ज़री रूम्स का इजाफा

टाटा ग्रुप की होटल इकाई ताज ग्रुप राज्य में बड़े स्तर पर विस्तार कर रही है। वर्तमान में ताज, सेलेक्शन्स और विवांता ब्रांड के 30 होटल निर्माणाधीन हैं, जिनसे प्रदेश में 1900 लक्ज़री होटल रूम्स जुड़ेंगे।
इसके अलावा 2026 तक 30 और नए होटलों के निर्माण की योजना पर कार्य चल रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से उभरते हॉस्पिटैलिटी हब के रूप में स्थापित होगा।

नोएडा बनेगा टाटा ग्रुप का कॉर्पोरेट हब

दिल्ली से सटे नोएडा को टाटा ग्रुप अपना कॉमर्शियल और कॉर्पोरेट हब के रूप में विकसित करेगा। यहां 4 से 5 अत्याधुनिक कॉर्पोरेट इमारतों का निर्माण कार्य जारी है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही नोएडा में एक स्टेट ऑफ द आर्ट सिग्नेचर होटल भी विकसित किया जाएगा।

बुंदेलखंड और प्रयागराज में सोलर पावर प्लांट

हरित ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए टाटा ग्रुप ने बुंदेलखंड और प्रयागराज में 50-50 मेगावाट के दो सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की घोषणा की है। साथ ही प्रदेश के 75 जिलों में रूफटॉप सोलर सिस्टम को तेजी से लागू किया जाएगा, जिससे नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

ईवी मैन्युफैक्चरिंग में यूपी को मिलेगी नई पहचान

लखनऊ में स्थित टाटा का मोटर व्हीकल प्लांट अब और विस्तारित होगा। टाटा ग्रुप उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मैन्युफैक्चरिंग का नया प्लांट स्थापित करेगा। इसमें

  • इलेक्ट्रिक कार के नए मॉडल
  • इलेक्ट्रिक बस निर्माण
  • संपूर्ण ईवी इकोसिस्टम का विकास
    शामिल रहेगा, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

अयोध्या में ‘म्यूजियम ऑफ टेम्पल’ और तीर्थ स्थलों का संरक्षण

टाटा ग्रुप के सहयोग से अयोध्या में प्रस्तावित ‘म्यूजियम ऑफ टेम्पल’ परियोजना के पहले चरण को जनवरी 2027 तक पूरा करने पर सहमति बनी है। संग्रहालय में अत्याधुनिक तकनीक से युक्त डिस्प्ले विकसित किए जाएंगे।
इसके साथ ही मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के आठ प्रमुख कुंडों के जीर्णोद्धार और प्रदेश के प्रमुख गंगा घाटों की स्वच्छता एवं संरक्षण में भी टाटा ग्रुप सहयोग करेगा।

निवेश से बदलेगा उत्तर प्रदेश का आर्थिक नक्शा

टाटा ग्रुप का यह बहुआयामी निवेश न केवल औद्योगिक विकास को गति देगा, बल्कि पर्यटन, ऊर्जा, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा करेगा।

Leave a Reply