Friday, May 15

This slideshow requires JavaScript.

देश के उत्तर, मध्य और पूर्वी हिस्सों में कड़ाके की ठंड जारी, 14 दिसंबर तक मौसम रहेगा शुष्क और ठंडा

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में ठंड ने दस्तक दे दी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में कड़ाके की ठंड 14 दिसंबर तक जारी रहेगी। पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा और महाराष्ट्र में शीतलहर के हालात बने रहेंगे। कई जगहों पर तापमान 5°C से भी नीचे रिकॉर्ड किया गया है। पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 4°C दर्ज हुआ।

This slideshow requires JavaScript.

उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और शुष्क मौसम
IMD के अनुसार, 12 दिसंबर को उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाने की संभावना है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, असम, मेघालय, हिमाचल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12–16 दिसंबर के बीच घना कोहरा रह सकता है। कई स्थानों पर विजिबिलिटी 0 से 50 मीटर तक गिर गई। यूपी में प्रदेश के तराई क्षेत्र और अन्य हिस्सों में सुबह के समय कोहरा रहने की संभावना है।

पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश व बर्फबारी
13–17 दिसंबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। 13 दिसंबर से नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जो पहाड़ी इलाकों में मौसम की बदलती स्थिति का कारण बनेगा। 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।

मुख्य शहरों में आज का तापमान

शहरअधिकतम तापमानन्यूनतम तापमान
दिल्ली24°C08°C
मुंबई30°C23°C
कोलकाता26°C17°C
चेन्नई28°C22°C
लखनऊ24°C11°C
पटना24°C13°C
रांची22°C08°C
शिमला21°C06°C
मनाली08°C-07°C
नैनीताल19°C06°C
देहरादून22°C08°C

बिहार में ठंड और घना कोहरा
बिहार में पश्चिमी विक्षोभ और 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण ठंड का असर महसूस किया गया। पटना, पूर्णिया, बेगूसराय, रोहतास और भागलपुर समेत कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा बने रहने की संभावना है।

उत्तराखंड में शुष्क मौसम, पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में 12 और 13 दिसंबर को शुष्क मौसम रहेगा। 14 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस अवधि में लोगों को ठंड से बचाव के उपाय करने चाहिए और पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात और यात्रा में सतर्कता बरतनी चाहिए।

Leave a Reply