
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सगाई समारोह में शामिल होने आए लड़की वालों को हक्का-बक्का कर दिया। पीपीगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में तय शादी से ठीक पहले वर पक्ष गायब हो गया और बातचीत में खुलासा हुआ कि सौरभ चौहान पिछले 6 साल से अपनी प्रेमिका के साथ रिश्ते में था।
सगाई वाले दिन हुआ बड़ा खुलासा
लड़के के नंबर पर जब लड़की के भाई ने फोन लगाया, तो फोन उसकी प्रेमिका ने उठाया। उसने कहा, “सौरभ सिर्फ मेरा है। हम पिछले 6 साल से साथ हैं और मैंने उसके साथ तीन बार अबॉर्शन भी कराया है।” इस पर लड़की वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
प्रेमिका ने अपने पास मौजूद सौरभ का फोन पकड़ लिया और कहा कि जैसे ही उसे शादी की खबर मिली, उसने सौरभ का फोन अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, कुछ देर बाद सौरभ के घर वालों ने फोन वापस ले लिया।
लड़के के पिता ने कुछ नहीं कहा
लड़के के पिता इंद्रजीत चौहान को जब इस मामले की जानकारी दी गई, तो उन्होंने मजबूरी जताते हुए फोन काट दिया। इसके बाद दोनों पक्षों को पंचायत कराने की सलाह दी गई।
पंचायत और विवाद
कुछ देर बाद सौरभ अपने पिता और रिश्तेदारों के साथ सगाई स्थल पर पहुंचे। बातचीत के दौरान उन्होंने प्रेम प्रसंग की बात स्वीकार की। इसके बाद लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ते हुए सगाई में दिए गए 6 लाख रुपये, सोने की चेन और अंगूठी की वापसी की मांग की। आरोप है कि लड़के पक्ष ने जान से मारने की धमकी दी।
थाना प्रभारी पीपीगंज ने बताया कि लड़की पक्ष से तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। बातचीत से मामला निपटाने की कोशिश की जा रही है। अगर समाधान नहीं हुआ, तो मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सौरभ का प्रोफाइल
सौरभ चौहान डाक विभाग में कार्यरत हैं। सगाई 13 फरवरी को पीपीगंज के मैरिज हॉल में होनी थी और विवाह मई में तय था। लड़की पक्ष का दावा है कि सगाई में तय धनराशि में 6 लाख नकद, सोने की चेन और अंगूठी शामिल थे, जिनमें से 3 लाख पहले ही दिए जा चुके थे।
