Saturday, July 25

This slideshow requires JavaScript.

शासकीय चरनोई भूमि से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग की कार्रवाई, पक्का मकान और सड़क ध्वस्त

इंदौर, 24 जुलाई।(सद्वार्ता)
जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देश पर राजस्व विभाग ने अनुभाग बिचौली के ग्राम जामन्या खुर्द स्थित चरनोई मद की शासकीय भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर उसे अतिक्रमण मुक्त कराया।

This slideshow requires JavaScript.

राजस्व अमले ने सर्वे क्रमांक 198 की लगभग एक एकड़ शासकीय भूमि का निरीक्षण किया, जहां बिना अनुमति पक्का मकान एवं पक्की सड़क का निर्माण किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से निर्माणाधीन मकान, सड़क तथा खंभों से बनी बाउंड्री को ध्वस्त कर दिया गया।

यह कार्रवाई रामप्रसाद दुबे, निवासी ग्राम जामन्या खुर्द, के विरुद्ध की गई।

अभियान के दौरान एसडीएम बिचौली अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार अनिल पटेल, अतिरिक्त तहसीलदार शिखा सोनी, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों का दल मौजूद रहा।


जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन ने सांदीपनि विद्यालय का किया निरीक्षण

भोजन व्यवस्था, प्रयोगशाला, पुस्तकालय और छात्रावास का लिया जायजा, विद्यार्थियों से किया संवाद

इंदौर, 24 जुलाई। (सद्वार्ता)
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत इंदौर श्री सिद्धार्थ जैन ने शुक्रवार को अहिल्या आश्रम स्थित सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, छात्रावास और शिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

श्री जैन ने विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, रसोई एवं भोजनालय में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण कर उपलब्ध उपकरणों, प्रयोगात्मक शिक्षा एवं वैज्ञानिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार की भावना विकसित करना आवश्यक है।

विद्यालय के पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया तथा पाठ्यक्रम के साथ सामान्य ज्ञान, साहित्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का अध्ययन करने की सलाह दी।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं, शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, पौष्टिक भोजन और आधुनिक शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा विद्यालयों का नियमित निरीक्षण शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का प्रभावी माध्यम है।


विशेष जांच अभियान के तहत 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 28 नमूने जांच के लिए भेजे गए

दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी, मोबाइल लैब से 38 खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग

इंदौर, 24 जुलाई।(सद्वार्ता)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर ने शुक्रवार को डेयरी प्रतिष्ठानों, एक मेस तथा शिकायत प्राप्त खाद्य प्रतिष्ठान का सघन निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान 05 डेयरी प्रतिष्ठानों, 01 मेस एवं 01 अन्य खाद्य प्रतिष्ठान सहित कुल 07 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 28 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। साथ ही मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (Food Safety on Wheels) के माध्यम से 38 खाद्य पदार्थों की मौके पर स्पॉट टेस्टिंग की गई।

निरीक्षण के दौरान रामजी डेरी (नवलखा), श्री गौरी गोपाला मावा एवं डेरी फार्म (नवलखा चौराहा), जय माता दी डेरी (लिंबोदी), हनुमंत डेरी एंड स्वीट्स (लिंबोदी) तथा द्वारकाधीश डेरी एंड स्वीट्स (लिंबोदी) से दूध, पनीर, मावा एवं घी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए गए।

इसके अलावा उत्तम भोग मेस एंड रेस्टोरेंट से चावल, आटा एवं दाल के नमूने संग्रहित कर परिसर में स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

CM हेल्पलाइन शिकायत पर त्वरित कार्रवाई

सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर आनंद बाजार स्थित साउथ इंडियन श्री कृष्णा हॉट चिप्स का संयुक्त निरीक्षण किया गया। शिकायत के आधार पर बनाना चिप्स एवं बनाना चिली चिप्स के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को पूरी जानकारी दी गई, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से खाद्य कारोबारियों एवं आम नागरिकों को खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, कोल्ड चेन बनाए रखने, निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि की जांच तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के पालन के संबंध में जागरूक किया गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई

संग्रहित सभी 28 खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि जिलेवासियों को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना कलेक्टर हेल्पलाइन, सीएम हेल्पलाइन, FoSCoS पोर्टल अथवा अन्य उपलब्ध माध्यमों से दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply