

बालोतरा। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन धरकरभर” के तहत थाना कल्याणपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹15 हजार के इनामी वांछित आरोपी हनुमानराम उर्फ राजू विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जालोर जिले में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कावट (आईपीएस) ने बताया कि जिले में मादक द्रव्यों की तस्करी से जुड़े फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह तथा वृत्ताधिकारी योगेश चौधरी के निर्देशन में थाना कल्याणपुर के थानाधिकारी भंवर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
एमडी ड्रग तस्करी मामले में था वांछित
पुलिस के अनुसार 22 मार्च 2025 को जालोर जिले के विशनगढ़ थाना पुलिस ने एक पंच कार से 17.60 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की थी। मामले में वाहन चालक पुखराज उर्फ प्रकाश को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बरामद एमडी ड्रग हनुमानराम उर्फ राजू विश्नोई से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन गिरफ्तारी के डर से आरोपी लगातार फरार रहा। बाद में जालोर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹15 हजार का इनाम घोषित किया था।
तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर सूचना से मिली सफलता
लगातार तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना तंत्र (ह्यूमन इंटेलिजेंस) के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई एवं अनुसंधान के लिए जालोर जिले की संबंधित पुलिस को नियमानुसार सौंप दिया गया।
पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हनुमानराम उर्फ राजू विश्नोई, निवासी डोली कल्ला (थाना कल्याणपुर, जिला बालोतरा) के विरुद्ध पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ तस्करी के मामलों के अलावा सड़क दुर्घटना से संबंधित प्रकरण भी शामिल हैं।
नशा तस्करों पर अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में लाकर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(SDNA)


