Friday, July 24

This slideshow requires JavaScript.

अवैध डाइंग फैक्ट्री पर एसआईटी का छापा, प्रदूषित पानी के अवैध परिवहन पर भी कार्रवाई

बालोतरा। (सद्वार्ता) पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक प्रदूषण पर रोक लगाने के उद्देश्य से गठित विशेष जांच दल (SIT) ने बालोतरा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध कपड़ा रंगाई (डाइंग) फैक्ट्री पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) की टीम ने मौके से नमूने एकत्र किए, जबकि प्रदूषित पानी के अवैध परिवहन में संलिप्त संदिग्ध टैंकर और ट्रैक्टर-टैंकी को भी जब्त (डिटेन) किया गया।

This slideshow requires JavaScript.

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार कावट (आईपीएस) ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जोजड़ी-बांडी-लूणी नदी प्रणाली में औद्योगिक प्रदूषण की जांच के लिए गठित एसआईटी लगातार कार्रवाई कर रही है। महानिरीक्षक पुलिस लवली कटियार (आईपीएस) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूल सिंह तथा वृत्ताधिकारी बाबूलाल मुरारिया के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया।

बीपीएल क्वार्टर के पास चल रही थी अवैध डाइंग फैक्ट्री

24 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि बालोतरा कस्बे में बीपीएल क्वार्टर के समीप बिना अनुमति एक कपड़ा रंगाई फैक्ट्री संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां “मेहर डाइंग” नाम से संचालित फैक्ट्री में प्रदूषित पानी का अवैध निस्तारण किया जा रहा था।

पुलिस ने फैक्ट्री की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई तथा राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की टीम को बुलाया। मंडल के अधिकारियों ने मौके से आवश्यक सैंपल लिए और नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

प्रदूषित पानी ले जा रहे वाहन डिटेन

एसआईटी के निर्देश पर 23 जुलाई को रीको औद्योगिक क्षेत्र, बालोतरा में प्रदूषित पानी के अवैध परिवहन को रोकने के लिए विशेष नाकाबंदी की गई। इस दौरान एक संदिग्ध टैंकर और टंकी सहित ट्रैक्टर को रोका गया। वाहन चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत वाहन को डिटेन कर लिया गया।

इसी प्रकार तेमावास औद्योगिक क्षेत्र में गश्त के दौरान एक अन्य ट्रैक्टर-टैंकी को भी संदिग्ध परिस्थितियों में रोका गया। जांच के बाद उसे भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत जब्त कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रदूषित पानी के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त जारी रहेगी।

पर्यावरण संरक्षण के लिए अभियान रहेगा जारी

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा प्रदूषण फैलाने, अवैध अपशिष्ट निस्तारण तथा प्रदूषित पानी के गैरकानूनी परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पर्यावरण संरक्षण और नदी तंत्र को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए एसआईटी, पुलिस तथा प्रदूषण नियंत्रण मंडल संयुक्त रूप से अभियान चला रहे हैं।

(SDNA)

Leave a Reply