

उज्जैन। देश की अग्रणी पैरा शतरंज खिलाड़ी और मध्य प्रदेश का गौरव चार्वी मेहता को उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए 26 जुलाई को मुंबई में आयोजित एक भव्य समारोह में “जैन विभूति अलंकरण” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान जैन समाज के 108 समूह द्वारा आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया जाएगा।

चार्वी मेहता पैरा शतरंज में चार बार की राष्ट्रीय महिला चैंपियन हैं। वे मध्य प्रदेश की पहली शतरंज खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एशियन पैरा गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। इसके साथ ही उन्होंने 24वीं वर्ल्ड इंडिविजुअल चेस चैंपियनशिप में शतरंज की तीनों विधाओं—क्लासिकल, रैपिड और ब्लिट्ज—में कुल तीन पदक जीतकर भारत की पदक तालिका को मजबूत किया।
चार्वी, अंतरराष्ट्रीय मल्लखंभ अंपायर एवं विक्रम और विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित डॉ. आशीष मेहता तथा इंजीनियर तरूश्री मेहता की सुपुत्री हैं। खेल के साथ-साथ वे शिक्षा के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और वर्तमान में केंद्रीय विद्यालय, उज्जैन में कक्षा 11वीं की छात्रा हैं।
उल्लेखनीय है कि चीन में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में चार्वी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शतरंज के दोनों प्रारूपों में चौथा स्थान हासिल किया था। वहीं राष्ट्रीय पैरा शतरंज प्रतियोगिता में वे लगातार चार वर्षों से महिला वर्ग की राष्ट्रीय विजेता बनी हुई हैं।
चार्वी मेहता को मिलने वाला “जैन विभूति अलंकरण” न केवल उनकी असाधारण खेल उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि यह देशभर के दिव्यांग खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का भी प्रतीक माना जा रहा है। उनके सम्मान से उज्जैन, मध्य प्रदेश और पूरे देश में खुशी और गौरव का माहौल है।
(SDNA)


