
मोरबी (गुजरात) – सोमवार को मोरबी जिले के अलाप रोड पर पटेलनगर सोसाइटी के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। दो साल की मासूम बच्ची सड़क पर खेल रही थी, तभी एक कार ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि बच्ची सड़क के एक मोड़ के पास खेल रही थी, तभी अचानक कार वहां आकर उसकी चपेट में आ गई। कार का अगला पहिया बच्ची के ऊपर चला गया। हादसे के तुरंत बाद कार सवार ने बच्ची को उठाया और आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
मोरबी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी ड्राइवर की पहचान नीरवभाई महादेवभाई भोरानिया के रूप में हुई है।
इस घटना ने इलाके में शोक और डर दोनों फैला दिए हैं। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सड़क पर और भी कड़े नियम लागू होने चाहिए।
पुणे में भी हुई थी ऐसी घटना
मोरबी की इस घटना से एक महीने पहले पुणे में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया था। जॉय नेस्ट सोसाइटी में पांच साल के निष्कर्ष अश्वत स्वामी अपनी दादी के साथ खेल रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विशेषज्ञों और पुलिस का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए कॉलोनियों और सोसाइटी के अंदर गति नियंत्रण और चेतावनी संकेतों का होना बेहद जरूरी है।
