
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार सुबह एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। पड़ोसी कुशीनगर जिले में जालसाजी के एक मामले में दबिश देने गई पुलिस टीम की गाड़ी वापसी के दौरान गोरखपुर के श्यामदेउरुवा क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई।
हादसे में रामगढ़ताल थाने की महिला दरोगा गीता और एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि दरोगा संतोष कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। कुल पांच पुलिसकर्मी इस हादसे में घायल हुए हैं। सभी घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
हादसे का कारण और परिस्थितियाँ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन चालक को अचानक झपकी आ जाने की वजह से गाड़ी पर नियंत्रण खो गया। वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घने कोहरे और सड़क की स्थिति ने हादसे को और गंभीर बना दिया।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम कुशीनगर के खड्डा इलाके में जालसाजी के मामले में कार्रवाई कर लौट रही थी। सुबह करीब 6:30 बजे यह हादसा हुआ। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस महकमे में शोक
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक फैल गया। अधिकारियों का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
