Monday, February 16

प्रेम विवाह बना हत्या की वजह, पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी शूटर घायल

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सोमवार तड़के पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने फौजी की गोली मारकर हत्या करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

This slideshow requires JavaScript.

फौजी की हत्या से इलाके में मचा था हड़कंप

जानकारी के अनुसार 5 फरवरी को आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर चन्द्राफार्म हाउस के पास इको कार और बाइक सवार हमलावरों ने फौजी अखिलेश चौधरी को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था।

प्रेम विवाह को लेकर रची गई थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि अखिलेश चौधरी ने अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था, जिससे युवती के परिजन नाराज थे। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते परिवार ने सुपारी देकर अखिलेश की हत्या करवा दी।

मुठभेड़ में आरोपी हेमंत गिरफ्तार

पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल आरोपियों पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सोमवार सुबह सादाबाद क्षेत्र में फरार अभियुक्त हेमंत की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे पकड़ लिया गया।

तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

  • चोरी की बाइक

  • 315 बोर का तमंचा

  • एक जिंदा कारतूस

  • एक खोखा कारतूस

बरामद किया है।

चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके

इस मामले में इससे पहले हाथरस पुलिस द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य अभियुक्तों को हरियाणा पुलिस ने दबोचा था। कुल चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।

पत्नी निधि ने सीएम योगी से लगाई थी गुहार

फौजी अखिलेश चौधरी की पत्नी निधि ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर 11 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनता दरबार में मुलाकात की थी और न्याय की गुहार लगाई थी।

पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply