Monday, February 16

भुवनेश्वर में बम बनाते वक्त जोरदार विस्फोट, हिस्ट्रीशीटर अपराधी और मां की मौत, दो घायल

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक घटना सामने आई है। एयरफील्ड थाना क्षेत्र में रहने वाला एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी कथित तौर पर बदला लेने की नीयत से छत पर बैठकर देसी (क्रूड) बम तैयार कर रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस विस्फोट में अपराधी समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

This slideshow requires JavaScript.

इलाज के दौरान पहले हिस्ट्रीशीटर शहनवाज मलिक (26) की मौत हो गई, जबकि बाद में उसकी मां लिजातुन बीबी ने भी कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

27 जनवरी को हुई थी घटना, सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार यह विस्फोट 27 जनवरी को हुआ था। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस भयावह घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज में पहले एक महिला की हंसी की आवाज सुनाई देती है और उसके तुरंत बाद तेज धमाका होता है, जिससे छत पर मौजूद लोग इधर-उधर भागते नजर आते हैं।

मंगेतर और दोस्त गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में शहनवाज मलिक के साथ उसकी मां, उसकी मंगेतर तृप्तिमयी महल (23) और उसका दोस्त अमीया मल्लिक (27) भी झुलस गए। पुलिस ने बताया कि तृप्तिमयी और अमीया का इलाज भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और दोनों की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

परिवार के सामने तैयार कर रहा था बम

जानकारी के अनुसार शहनवाज मलिक अपने घर की छत पर बैठकर बम तैयार कर रहा था और उस वक्त उसके परिवार के सदस्य भी वहीं मौजूद थे। विस्फोट के बाद सभी लोग आग की चपेट में आ गए। कपड़ों में आग लगने से महिलाएं भी बुरी तरह झुलस गईं। शहनवाज मलिक आग से बचने के लिए पानी का सहारा लेता दिखाई दिया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था।

पुलिस जांच में जुटी, इलाके में दहशत

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हिस्ट्रीशीटर अपराधी किसी से बदला लेने की योजना बना रहा था और इसी वजह से देसी बम तैयार कर रहा था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बम बनाने के लिए सामग्री कहां से लाई गई और किसे निशाना बनाया जाना था।

इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और इलाके में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply