Friday, February 13

लखनऊ नगर निगम का टैक्स इंस्पेक्टर ड्यूटी के दौरान लापता, 48 घंटे से मोबाइल बंद; परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में नगर निगम जोन-6 के टैक्स इंस्पेक्टर आशीष कुशवाहा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। बीते 48 घंटों से उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है और अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। इस घटना से नगर निगम विभाग और परिवार में हड़कंप मच गया है।

This slideshow requires JavaScript.

परिवार वालों ने गुडंबा थाने में गुमशुदगी की तहरीर देकर पुलिस से जल्द तलाश करने की मांग की है।

10 फरवरी के बाद नहीं हुआ संपर्क

जानकारी के अनुसार आशीष कुशवाहा पिछले आठ महीनों से ठाकुरगंज स्थित नगर निगम जोन-6 कार्यालय में तैनात थे। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को उन्होंने जोनल अधिकारी से अंतिम बार बातचीत की थी, इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया।

परिजनों ने जब उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो फोन लगातार बंद मिला। इसके बाद उन्होंने कार्यालय में भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन वहां से भी कोई ठोस सूचना नहीं मिल सकी।

विभागीय दबाव के बीच घटना ने बढ़ाई चिंता

यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब नगर निगम में हाउस टैक्स कलेक्शन के लक्ष्य को लेकर विभागीय स्तर पर दबाव की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, अधिकारियों ने दबाव की बात को खारिज किया है।

जोनल अधिकारी ने दी सफाई

जोनल अधिकारी अमरजीत यादव ने बताया कि विभाग आशीष कुशवाहा की तलाश में जुटा है और उनके परिवार के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि आशीष अपना काम सामान्य रूप से कर रहे थे और विभाग की ओर से किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

परिवार ने दोबारा थाने में जाकर जांच तेज करने की मांग की है। पुलिस अब मामले में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही टैक्स इंस्पेक्टर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply