
जयपुर: होली से ठीक पहले रेलवे ने यात्रियों को बड़ा झटका देते हुए जयपुर-उदयपुर और उदयपुर-आगरा वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन को बंद करने का फैसला किया है। रेलवे विभाग ने इस निर्णय के पीछे कम यात्री भार को मुख्य कारण बताया है।
रेलवे के अनुसार, 14 फरवरी से उदयपुर-जयपुर रूट पर और 15 फरवरी से उदयपुर सिटी-आगरा रूट पर यह ट्रेन नहीं चलेगी। इस वंदे भारत सेवा की शुरुआत सितंबर 2023 में की गई थी। शुरुआती समय में इसे यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन बाद में यात्रियों की संख्या लगातार घटती गई।
पहले घटाए गए फेरे, अब पूरी तरह संचालन बंद
रेलवे सूत्रों के मुताबिक घाटे की स्थिति को देखते हुए पहले इस ट्रेन के फेरे कम किए गए थे। सप्ताह में छह दिन चलने वाली इस ट्रेन को तीन दिन जयपुर-उदयपुर और तीन दिन उदयपुर-आगरा रूट तक सीमित कर दिया गया था। इसके बावजूद यात्री भार में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने पर अब दोनों रूटों पर सेवा पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है।
अब उदयपुर सिटी-असारवा रूट पर चलेगी वंदे भारत
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अब संबंधित वंदे भारत रैक को उदयपुर सिटी से असारवा (गुजरात) के बीच संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी, जबकि एक दिन रखरखाव के लिए निर्धारित रहेगा।
नई समय-सारणी के अनुसार:
-
ट्रेन सुबह 6:10 बजे उदयपुर सिटी से रवाना होगी
-
सुबह 10:25 बजे असारवा पहुंचेगी
-
वापसी में ट्रेन शाम 5:45 बजे असारवा से चलेगी
-
और रात 10:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी
सामान्य दिनों में कम, त्योहारों में बढ़ती थी भीड़
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सामान्य दिनों में इस ट्रेन का यात्री भार 50 से 60 प्रतिशत के बीच रहता था, जबकि त्योहारों के दौरान यह बढ़कर 80 से 85 प्रतिशत तक पहुंच जाता था।
हालांकि, होली से पहले इस सेवा को बंद करने से यात्रियों को परेशानी होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि कई बार यह ट्रेन तब उपयोगी साबित होती थी जब अन्य ट्रेनों में सीटें उपलब्ध नहीं होती थीं।
