Tuesday, February 10

सूरजकुंड झूला हादसे के बाद फरीदाबाद DCP मकसूद अहमद का ट्रांसफर, जानिए कौन हैं ये आईपीएस अधिकारी

फरीदाबाद (हरियाणा): सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले में हुए झूला हादसे के बाद हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (DCP) मकसूद अहमद का तत्काल प्रभाव से तबादला कर पंचकूला पुलिस मुख्यालय में एसपी के पद पर तैनात कर दिया। यह तबादला उस घटना के तुरंत बाद हुआ, जिसमें मेले में एक झूला टूट गया था। हादसे में एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हुए। इस मामले में रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

This slideshow requires JavaScript.

विपक्ष ने इस त्रासदी के लिए सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। मकसूद अहमद 2016 बैच के IPS अधिकारी हैं और हरियाणा कैडर में सेवा दे रहे हैं।

मकसूद अहमद – मेव समुदाय के पहले IPS अधिकारी:
मकसूद अहमद मेवात के किशनगढ़ बास कस्बे के इस्माइलपुर गांव से हैं और मेव समुदाय से आने वाले पहले आईपीएस अधिकारी हैं।

आईपीएस और कवि – दोहरी पहचान:
मकसूद केवल आईपीएस ही नहीं, बल्कि कवि भी हैं। उन्होंने हिंदी और उर्दू में ग़ज़ल और छंद लिखे हैं। उनकी किताब “गुजर” प्रकाशित हो चुकी है। उन्होंने “तू औरत है” जैसी कविताओं के माध्यम से महिलाओं की स्तुति की है और युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी है।

शिक्षा और करियर का सफर:
मकसूद ने अपनी पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय अलवर से की। इसके बाद 2005 में IET कॉलेज अलवर से इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग में स्नातक किया और फिर IIMT गाजियाबाद से MBA किया। पांच साल की नौकरी करने के बाद 2013 में उन्होंने UPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की। तीसरी बार प्रयास में उन्हें IPS में चयन मिला।

पुलिस सेवा में पोस्टिंग:
मकसूद अहमद की पहली पोस्टिंग रोहतक सदर थाने में थाना प्रभारी के रूप में हुई। इसके बाद उन्हें एएसपी रोहतक, नारनौल अतिरिक्त एसपी, बल्लभगढ़ DCP, गुरुग्राम ईस्ट DCP, और कैथल SP के पद पर तैनात किया गया।

सूरजकुंड झूला हादसे के बाद उनका फरीदाबाद से पंचकूला ट्रांसफर प्रशासन की सख्त कार्रवाई का संकेत माना जा रहा है।

Leave a Reply