
जकार्ता: इंडोनेशियाई वायु सेना ने अमेरिकी कंपनी बोइंग के F-15EX ईगल II लड़ाकू जेट खरीदने का अपना प्लान छोड़ दिया है। ऐसा निर्णय उस समय आया है जब फ्रांस के साथ 2022 में किए गए 8 अरब डॉलर के डिफेंस डील के तहत इंडोनेशिया को पहले तीन राफेल फाइटर जेट जनवरी में मिल चुके हैं।
F-15EX डील का सफर
फरवरी 2022 में अमेरिकी विदेश विभाग ने इंडोनेशिया को F-15EX के एक वेरिएंट F-15ID की विदेशी बिक्री की मंजूरी दी थी। इसके बाद अगस्त 2023 में जकार्ता ने बोइंग से औपचारिक रूप से 24 जेट खरीदने का वादा किया। बोइंग ने इस वर्ज़न का नाम F-15IND रखा और मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (MoU) पर हस्ताक्षर हुए।
हालांकि, अगस्त 2023 के बाद डील ठंडे बस्ते में चली गई और दो साल तक इस पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। अब इंडोनेशिया ने F-15EX खरीदने का फैसला स्थगित कर दिया है।
फ्रांस ने अमेरिका से बाजी मारी
इंडोनेशिया को शुरुआती राफेल की डिलीवरी जनवरी में हो चुकी है। वहीं, अमेरिकी F-15EX डील से जुड़े शर्तें अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी थीं। इससे इंडोनेशिया ने स्पष्ट संदेश दिया कि वह F-15EX के बिना भी अपनी वायु सेना को आधुनिक बनाने में सक्षम है।
विशेषज्ञों के अनुसार, राफेल के अलावा इंडोनेशियाई वायु सेना के पास पहले से ही अमेरिकी और रूसी लड़ाकू विमान मौजूद हैं। अमेरिकी रक्षा निर्यात के लिहाज से यह डील कैंसिल होना निश्चित रूप से निराशाजनक है।