Sunday, June 21

This slideshow requires JavaScript.

खरगोन में अनोखी चोरी: दुकान में घुसा चोर पहले गल्ले में नोट गिनता रहा, फिर मोबाइल चार्ज कर आराम से ले गया 70 हजार रुपये

खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से चोरी की एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। बड़वाह नगर के नर्मदा रोड स्थित मां नर्मदा बिल्डिंग मटेरियल एंड हार्डवेयर दुकान में चोरी करने घुसा चोर इतनी बेफिक्री से अंदर घूमता रहा, मानो वह दुकान का ही मालिक हो। सबसे हैरानी की बात यह रही कि चोर ने चोरी करने से पहले न सिर्फ गल्ले में रखी नकदी को आराम से निकाला, बल्कि वहीं बैठकर एक-एक नोट गिनकर रकम का हिसाब भी लगाया और इसके बाद अपना मोबाइल फोन दुकान में ही चार्जिंग पर लगा दिया।

This slideshow requires JavaScript.

चोर की पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

ताला तोड़कर घुसा, 60 से 70 हजार रुपये पर किया हाथ साफ

घटना बीती रात की बताई जा रही है। चोर ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और काउंटर के ड्रॉज में रखी करीब 60 से 70 हजार रुपये की नकद राशि चोरी कर ली। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं था। वह पूरी इत्मीनान से दुकान में बैठकर पैसे निकालता और गिनता रहा।

फोन चार्ज करता रहा, पुलिस का कोई डर नहीं

सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक चोर ने दुकान में घुसने के बाद पहले अपने मोबाइल को चार्जिंग पर लगाया और फिर नकदी निकालने में जुट गया। चोर की यह हरकत यह दर्शाती है कि उसे न तो पुलिस का डर था और न ही किसी के आने का।

सुबह दुकान खोलने पर चला चोरी का पता

दुकान मालिक पत्रालाल ओझाने ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो ताला टूटा हुआ मिला और काउंटर का ड्रॉज खाली था। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी फुटेज देखा, जिसमें चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड मिली। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।

सीसीटीवी में चेहरा स्पष्ट, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फुटेज में चोर का चेहरा और गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं, जिससे पुलिस को जल्द पहचान और गिरफ्तारी की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

व्यापारियों ने बढ़ाई गश्त की मांग

घटना के बाद नर्मदा रोड क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त कमजोर होने के कारण इस तरह की चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।

यह घटना न केवल पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अपराधियों में कानून का भय लगातार कम होता जा रहा है।

Leave a Reply