
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के तुगलकाबाद गांव में सोमवार दोपहर मामूली विवाद के बाद एक युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एम्स भेज दिया है और हत्या के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हिमांशु कुमार चौहान उर्फ अंशु के रूप में हुई है। वह कांगड़ मोहल्ला, तुगलकाबाद में अपने परिवार के साथ रहते थे। हिमांशु की पत्नी और डेढ़ साल का बच्चा है। वह ओखला फेज-1 में एक इंस्टॉलेशन में हाउसकीपिंग का काम करते थे, लेकिन पिछले तीन महीनों से बेरोजगार थे।
घटना का विवरण:
डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 3:45 बजे पुलिस को झगड़े की सूचना मिली। गोविंदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान नंबर 268 के कमरे के दरवाजे पर हिमांशु खून से लथपथ अवस्था में मिला। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरुआती जांच में युवक के पास मिले दस्तावेज और पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर मृतक की पहचान कर परिवार को वारदात की जानकारी दी। आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।
मकान दोस्त का था, दोस्त फरार
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिस मकान के बाहर हत्या हुई, वह मृतक के दोस्त का किराए का घर था। कमरे में खाने-पीने की चीजें मिली हैं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा है। मृतक का दोस्त घटना के बाद से फरार है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना में दो से तीन युवक शामिल थे। झगड़ा किस बात को लेकर हुआ, यह आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद स्पष्ट होगा।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।