
साल 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ के मचअवेटेड सीक्वल ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का टीज़र मंगलवार को रिलीज हो गया। आदित्य धर निर्देशित इस फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय जासूस हमजा अली मजारी की भूमिका निभाई है, जो पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में अंडरवर्ल्ड और गैंगवार के बीच रहकर खुफिया जानकारी भारत भेजता है। टीज़र में हमजा का खतरनाक और इंटेंस अवतार दिखाई दे रहा है, जिसे देखकर फैन्स में जोश और उत्साह का माहौल बन गया है।
टीज़र में क्या दिखा
करीब 1 मिनट 12 सेकंड के टीज़र में हमजा की पिछली जिंदगी से लेकर ल्यारी पर कब्ज़े की झलकियाँ दिखाई गई हैं। इस दौरान रणवीर सिंह ने अपने किरदार में दमदार और खतरनाक अंदाज़ दिखाया। फिल्म की कहानी में दिखाया गया है कि हमजा भारत के लिए काम करता है, लेकिन उसकी खुफिया गतिविधियों के बावजूद मुंबई में 26/11 के हमले को अंजाम दिया गया था। फिल्म के दूसरे हिस्से में हमजा के जीवन में देशभक्ति, जान का खतरा और आतंकियों व गैंगस्टरों से निपटने की पूरी कहानी दिखाई जाएगी।
पोस्टर और फैंस की प्रतिक्रियाएँ
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का पहला पोस्टर भी मंगलवार को जारी कर दिया गया। इसमें रणवीर सिंह बारिश में भीगे हुए, मुट्ठी कसकर और इंटेंस लुक में दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर के बैकग्राउंड में लाल रोशनी और फिल्म का टाइटल है। रणवीर ने इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा,
“अब बिगड़ने का वक्त आ गया है।”
फैंस ने टीज़र और पोस्टर को देखकर कहा है, “अब आया रणवीर का टाइम, धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाएगी।”
पैन इंडिया रिलीज और भाषाएँ
जहाँ पहली फिल्म केवल हिंदी में रिलीज हुई थी, वहीं ‘धुरंधर: द रिवेंज’ पैन इंडिया रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी।
रिलीज़ डेट
रणवीर सिंह की यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। सोशल मीडिया पर फैंस ने फिल्म की कहानी को लेकर कई थ्योरी भी बनाई हैं। कहा जा रहा है कि हमजा अपनी खूफिया डायरी में कई राज़ लिखता है, और अब यही डायरी उसके लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है।
फिल्म के टीज़र और पोस्टर से साफ है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ एक बार फिर दर्शकों के लिए रोमांचक, खतरनाक और धमाकेदार अनुभव लेकर आने वाली है