Wednesday, February 11

लखनऊ में थार से बैरिकेड‍िंग उड़ा कर चलती गाड़ी से स्टंट, पुलिस तलाश में लगी

लखनऊ: गोमतीनगर विस्तार इलाके में सड़क सुरक्षा को चुनौती देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक बिना नंबर की सफेद थार से पुलिस बैरिकेडिंग को टक्कर मारकर उड़ाता दिख रहा है और साथ ही गाड़ी से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करता नजर आ रहा है।

This slideshow requires JavaScript.

सोशल मीडिया पर खुद पोस्ट किए गए इस वीडियो के बारे में इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार सुधीर अवस्थी ने बताया कि थार सवार की पहचान की जा रही है और मामले की जांच चल रही है। वीडियो गोमतीनगर विस्तार की जी-20 रोड का बताया जा रहा है।

एक दूसरी घटना में ट्रक चालक की मौत

इसी बीच, बीबीडी इलाके में किसान पथ पर ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। छपरा निवासी सुरेंद्र कुमार सिंह (38) अपने दोस्त पप्पू राय के साथ मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए ट्रक चला रहे थे। रविवार को कानपुर की ओर जाते हुए ट्रक के टायर में गिट्टी फंस गई।

सुरेंद्र ने बीबीडी स्थित नरेंदी गांव के पास ट्रक रोककर गिट्टी निकालने का प्रयास किया, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। पप्पू राय ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सुरेंद्र के परिवार में पत्नी सोनी और बेटा सौरभ हैं। उनके भाई वीरेंद्र ने घटना की जानकारी दी और कहा कि परिवार इस हादसे से टूट गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और डंपर चालक की पहचान करने में लगी है।

Leave a Reply