
नई दिल्ली: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को अपने कार्यकाल का नौवां बजट पेश करते हुए दिल्ली पुलिस के बजट में 4.57% की बढ़ोतरी की घोषणा की। नए बजट के अनुसार दिल्ली पुलिस को 12,846.15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के 12,259.16 करोड़ रुपये से अधिक हैं।
बजट की मुख्य वजह
दिल्ली पुलिस ने बताया कि बजट में की गई बढ़ोतरी का उद्देश्य पुलिस को अत्याधुनिक तकनीक से लैस करना और बुनियादी ढांचे में सुधार लाना है। दिल्ली पुलिस को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसमें ट्रैफिक मैनेजमेंट, कम्युनिकेशन नेटवर्क अपग्रेड और साइबर अपराध से निपटना शामिल है।
बजट का इस्तेमाल कहां होगा
- रोजाना खर्च और योजनाएं: मॉडल ट्रैफिक सिस्टम, बेहतर कम्युनिकेशन नेटवर्क।
- हाई–टेक हथियार और उपकरण: आधुनिक हथियार, जांच के नए उपकरण और CCTV कैमरे।
- पुलिसकर्मियों की ट्रेनिंग: बदलती आपराधिक चुनौतियों और साइबर अपराध के लिए विशेष ट्रेनिंग सिस्टम।
- इन्फ्रास्ट्रक्चर: नई इमारतों का निर्माण, गाड़ियों और हथियारों की खरीद।
पुलिस स्टेशनों और क्वार्टर का विकास
इस बजट के तहत 15 पुलिस जिलों के 194 थानों और स्पेशल यूनिट्स के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए 18 नए पुलिस स्टेशन, 7 चौकियां और 180 स्टाफ क्वार्टर बनाने की योजना भी बनाई गई है।
क्यों बढ़ी पुलिस का बजट
दिल्ली दुनिया के सबसे बड़े महानगरों में से एक है। बढ़ती आबादी और सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस का पर्याप्त संसाधनों से लैस होना आवश्यक है। पिछले कुछ सालों में CCTV कैमरे, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाईटेक उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ा है। इस बजट से पुलिस को और अधिक सशक्त और आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ेगा।