
मेरठ (धीरेंद्र सिंह): उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में हुए चर्चित सोनू कश्यप हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को माहौल गरमा गया। न्याय की मांग को लेकर कश्यप समाज और निषाद पार्टी के सैकड़ों लोग कमिश्नरी पार्क में जुटे और जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कमिश्नरी पर कब्जा कर न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
इस दौरान मृतक की बड़ी बहन आरती कश्यप ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस असली आरोपियों को बचाने में लगी है और अभी तक सभी दोषियों के नाम मुकदमे में शामिल नहीं किए गए हैं। आरती ने यह भी आरोप लगाया कि उनके समर्थन में कमिश्नरी आने वाले लोगों को रास्ते में रोक दिया जा रहा है।
प्रशासन अलर्ट मोड में:
कमिश्नरी पार्क और आसपास के रास्तों पर सुबह से ही भारी पुलिस बल और RPF की दो-दो कंपनियां तैनात रहीं। प्रशासन ने बैरिकेडिंग कर स्थिति को नियंत्रित किया और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बढ़ा दी।
परिवार और समाज की मांगें:
सोनू कश्यप के परिवार ने सरकार और प्रशासन से 5 अहम मांगें रखीं:
- मृतक परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता।
- सोनू की बहन को सरकारी नौकरी, क्योंकि वह परिवार की रोजमर्रा की जिम्मेदारी निभा सके।
- परिवार को पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए, क्योंकि अन्य आरोपी अभी खुलेआम घूम रहे हैं।
- सोनू के 80 हजार रुपए, जो आरोपियों ने लूटे थे, वापस किए जाएँ।
- केस की निष्पक्ष और गहन जांच करवाई जाए, ताकि कोई निर्दोष न फँसे।
परिवार और समाज का कहना है कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की उम्मीद है।
