Wednesday, January 14

वृंदावन में गूंजेगी शहनाई, ठाकुर श्री गिरिधरलाल जी बनेंगे दूल्हा बरसाना में आज होगा राधारानी संग दिव्य विवाह उत्सव, संत समाज से लेकर बॉलीवुड तक जुटेगा जनसैलाब

 

This slideshow requires JavaScript.

 

 

 

उत्तर प्रदेश के मथुरा–वृंदावन और बरसाना में आज भक्ति, उल्लास और आनंद का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। राधारानी की नगरी बरसाना इन दिनों भक्ति रस में सराबोर है। अवसर है प्रसिद्ध कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय महाराज के आराध्य ठाकुर श्री गिरिधरलाल जी के भव्य विवाह उत्सव का। आज ठाकुर श्री गिरिधरलाल जी, श्री सरस निकुंज वाले अलबेली माधुरी शरण जी महाराज की लाडली ठकुराइन श्री राधारानी के साथ वैदिक विधि-विधान से विवाह सूत्र में बंधेंगे।

 

इस ऐतिहासिक और अलौकिक विवाह उत्सव को लेकर पूरे ब्रज क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। वृंदावन से लेकर बरसाना तक भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। संत समाज के साथ-साथ बॉलीवुड और संगीत जगत की नामचीन हस्तियां भी इस दिव्य आयोजन की साक्षी बनने पहुंच रही हैं।

 

विनोद बाबा के आश्रम से निकलेगी भव्य बारात

 

आज बैंड-बाजे और पारंपरिक साज-सज्जा के साथ ठाकुर श्री गिरिधरलाल जी की बारात बरसाना स्थित संत विनोद बाबा के आश्रम से प्रस्थान करेगी। यह बारात पीली कोठी, बस स्टैंड होते हुए माताजी गौशाला पहुंचेगी। मार्ग में वधु पक्ष की ओर से जगह-जगह भव्य स्वागत-सत्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 

 

हजारों भक्त होंगे विवाह उत्सव के साक्षी

 

ठाकुर श्री गिरिधरलाल जी की बारात में शामिल होने के लिए देशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहले ही बरसाना पहुंच चुके हैं। संतों से लेकर आम भक्तों तक हर कोई इस दिव्य विवाह के दर्शन को उत्सुक दिखाई दे रहा है।

 

बारात में गोकुल रमनरेती आश्रम के पीठाधीश्वर गुरु शरणानंद महाराज, मलूकपीठ के राजेंद्र दास महाराज, कृष्ण चंद्र ठाकुर जी सहित वृंदावन के अनेक संत-महंत और धर्माचार्य शामिल होंगे। वहीं, बॉलीवुड से कई अभिनेता, प्रसिद्ध गायक बी प्राक, पंजाब के नामी सिंगर और अन्य कलाकार भी आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।

 

 

राधारानी के द्वार पर होगा भव्य स्वागत

 

जब बारात माताजी गौशाला पहुंचेगी, तो राधारानी के द्वार पर दूल्हा गिरिधरलाल जी का तिलक और पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। संतों द्वारा टीका-तिलक कर बारातियों का सत्कार होगा।

 

 

वैदिक विधि-विधान से संपन्न होगा विवाह

 

विवाह समारोह में विद्वान आचार्य और ब्राह्मण वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी रस्में संपन्न कराएंगे। अग्नि को साक्षी मानकर हवन, सात फेरे और पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी। इस दौरान ठाकुर जी की जूता चुराई जैसी रस्में भी भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

 

 

अलबेली माधुरी शरण महाराज करेंगे कन्यादान

 

ठकुराइन श्री राधारानी का कन्यादान श्री सरस निकुंज वाले अलबेली माधुरी शरण जी महाराज करेंगे। वह सुक संप्रदायाचार्य हैं और श्रीजी पक्ष की ओर से इस पावन रस्म को पूर्ण करेंगे।

 

 

विवाह के बाद होगा भव्य ज्योनार उत्सव

 

विवाह उत्सव के विधिवत समापन के अगले दिन गुरुवार को सभी बारातियों और भक्तों के लिए विशाल ज्योनार (भंडारे) का आयोजन किया जाएगा। इसमें ठाकुर जी की प्रिय सामग्री—मक्खन, दूध, रबड़ी और ब्रज के पारंपरिक मिष्ठान—विशेष रूप से परोसे जाएंगे।

Leave a Reply