
पंजाबी सिंगर मीका सिंह ने आवारा कुत्तों के लिए एक सराहनीय पहल की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि वह अपनी 10 एकड़ जमीन आवारा कुत्तों के लिए दान करेंगे, ताकि उनके लिए शेल्टर होम और जरूरी सुविधाएं बनाई जा सकें।
मीका सिंह की यह अपील ऐसे समय में आई है, जब देशभर में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में चर्चा हो रही है। सिंगर ने सोशल मीडिया पर सर्वोच्च न्यायालय से आग्रह किया है कि कोई ऐसा कदम न उठाया जाए जिससे इन जानवरों के कल्याण पर नकारात्मक असर पड़े। उन्होंने लिखा, “मैं भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय से विनम्र निवेदन करता हूं कि कृपया आवारा कुत्तों के कल्याण में किसी तरह की बाधा न डालें। मेरे पास पर्याप्त जमीन उपलब्ध है और मैं कुत्तों की देखभाल, आश्रय और कल्याण के लिए 10 एकड़ जमीन दान करने को पूरी तरह तैयार हूं।”
मीका ने बताया कि इस जमीन का इस्तेमाल शेल्टर होम बनाने और आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए किया जा सकता है, जिससे जानवरों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि केवल जमीन ही पर्याप्त नहीं होगी, इसके लिए जिम्मेदार और प्रशिक्षित मानव संसाधन भी जरूरी हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में आवारा कुत्तों से जुड़ी सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि उसने सड़कों पर घूमने वाले कुत्तों को पूरी तरह से हटाने का आदेश नहीं दिया है। न्यायाधीश विक्रम नाथ, संदीप मेहता और एन वी अंजारी की पीठ ने कहा कि अदालत का ध्यान मुख्य रूप से पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) नियम, 2023 के सही क्रियान्वयन पर है।
आदालत ने यह भी कहा कि कुत्तों के काटने की घटनाओं में बढ़ोतरी को नियंत्रित करने के लिए नसबंदी और टीकाकरण को प्राथमिक उपाय के रूप में अपनाया जाएगा, और इसके बाद कुत्तों को उनकी मूल जगह पर वापस छोड़ा जाएगा। न्यायालय ने यह स्पष्ट किया कि यह कदम लोगों और जानवरों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए है।
मीका सिंह की यह पहल आवारा कुत्तों के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करती है।