Friday, May 22

This slideshow requires JavaScript.

संसद परिसर में राहुल गांधी का हमला: ‘पीएम दबाव में, किसानों के हितों से समझौता’

नई दिल्ली, 3 फरवरी — कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। संसद परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारी दबाव में हैं और इस समझौते के जरिए किसानों के हितों से समझौता किया गया है।

This slideshow requires JavaScript.

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्हें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन में बोलने का अवसर नहीं दिया गया, जो संसदीय परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा, “इतिहास में पहली बार नेता प्रतिपक्ष को बोलने से रोका जा रहा है। मैं तीन अहम मुद्दे उठाना चाहता था, लेकिन मुझे मौका नहीं दिया गया।”

ट्रेड डील पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जो समझौता चार महीने से रुका हुआ था, वह अचानक साइन कर दिया गया। उनके मुताबिक, “कुछ भी बदला नहीं, फिर भी डील हो गई। इससे साफ है कि प्रधानमंत्री पर भयंकर दबाव है। किसानों की मेहनत और खून-पसीने को इस समझौते में बेच दिया गया है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री की छवि पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि “हजारों करोड़ रुपये से बनाई गई इमेज का गुब्बारा फूट सकता है।” राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख एम.एम. नरवणे के बयान को “साइड शो” बताते हुए कहा कि असली मुद्दा प्रधानमंत्री का कथित रूप से “कॉम्प्रोमाइज्ड” होना है। उन्होंने कहा कि यह तय करना देश की जनता का काम है कि ऐसा किसने और कैसे किया।

राहुल गांधी ने अपनी बातचीत के दौरान अमेरिका में अडाणी समूह से जुड़े मामलों और एपस्टीन फाइल का भी उल्लेख किया। उन्होंने दोहराया कि विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है और लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर किया जा रहा है।

Leave a Reply