
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में जगद्गुरु रामानंदाचार्य की 726वीं जयंती (प्रकटोत्सव) समारोह के दौरान बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज हिंदू समाज को जाति, मत और संप्रदाय के नाम पर बांटने की कोशिश की जा रही है और यह विभाजन उसी तरह सर्वनाश का कारण बनेगा, जैसा आज बांग्लादेश में देखने को मिल रहा है।
सीएम ने कहा, “बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो हो रहा है, उस पर तथाकथित सेक्युलरिज्म के ठेकेदार चुप हैं। ऐसा लगता है जैसे किसी ने उनके मुंह पर फेविकोल लगा दिया हो या टेप चिपका दिया हो। न कोई कैंडल मार्च निकाला जा रहा है, न कोई आवाज उठाई जा रही है। यह हम सभी के लिए बड़ी चेतावनी है।”
सीएम योगी ने सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि हिंदुओं को तोड़ने और बांटने वालों को पनपने नहीं देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि समाज एकजुट रहेगा तो सनातन धर्म का विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा, “आने वाला समय सनातन धर्म का होगा और तब कोई बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा।”
मुख्यमंत्री ने संत समाज की एकता की सराहना करते हुए कहा कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण संतों की साधना और तपस्या का परिणाम है। उन्होंने प्रयागराज में रामानंदाचार्य का स्मारक और मंदिर बनाए जाने की भी घोषणा की।
सीएम ने जाति और संप्रदाय से ऊपर उठकर समाज को एकजुट करने का संदेश देते हुए कहा कि रामानंदाचार्य का जन्म उसी समय हुआ जब समाज को भेदभाव और विभाजन के नाम पर बांटा जा रहा था। उन्होंने भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज को एकजुट किया।
कार्यक्रम में रामानंदाचार्य के द्वादश शिष्यों की परंपरा से जुड़े सभी संत उपस्थित रहे। सीएम योगी ने संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रयागराज की पावन भूमि सनातन संस्कृति की आत्मा है, और इसे और अधिक गौरवशाली बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।