Tuesday, June 2

This slideshow requires JavaScript.

73 वर्षीय भाजपा विधायक ने 30 वर्षीय महाआर्यमन सिंधिया के छुए पैर, वीडियो वायरल होने से सियासी हलकों में चर्चा

 

This slideshow requires JavaScript.

शिवपुरी (मध्यप्रदेश): शिवपुरी से भाजपा विधायक देवेंद्र जैन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस छेड़ दी है। वायरल वीडियो में 73 वर्षीय विधायक देवेंद्र जैन, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पुत्र और 30 वर्षीय महाआर्यमन सिंधिया के पैर छूते हुए आशीर्वाद लेते नजर आ रहे हैं।

 

यह घटना हाल ही में महाआर्यमन सिंधिया के शिवपुरी दौरे के दौरान की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी को विधायक देवेंद्र जैन का जन्मदिन था। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंच पर केक काटने की रस्म के बाद देवेंद्र जैन ने अपने से 43 वर्ष छोटे महाआर्यमन सिंधिया के चरण स्पर्श किए। इस दौरान मंच पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

 

उम्र के फासले ने खड़े किए सवाल

 

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग इसे भारतीय संस्कृति में सम्मान और आशीर्वाद लेने की परंपरा से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि उम्र में काफी बड़े होने के बावजूद विधायक द्वारा इतने युवा नेता के पैर छूना क्या उचित था। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक मजबूरी और नेतृत्व को खुश रखने की कोशिश भी बताया है।

 

ज्योतिरादित्य सिंधिया भी विधायक से छोटे

 

गौरतलब है कि देवेंद्र जैन उम्र में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी बड़े हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया की उम्र 55 वर्ष है, जबकि देवेंद्र जैन उनसे करीब 18 साल वरिष्ठ हैं। इसके बावजूद सिंधिया परिवार का क्षेत्रीय और राष्ट्रीय राजनीति में प्रभाव काफी मजबूत माना जाता है। महाआर्यमन सिंधिया वर्तमान में मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) के अध्यक्ष भी हैं।

 

फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन वायरल वीडियो ने प्रदेश की राजनीति में एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Leave a Reply