Thursday, January 8

बुलंदशहर में BSP के पूर्व विधायक के भतीजे की SUV से कुचली हत्या, भाजपा नेता सहित चार नामजद आरोपी

 

This slideshow requires JavaScript.

बुलंदशहर: देहात कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात को बीएसपी के पूर्व विधायक हाजी अलीम के भतीजे सूफियान की SUV से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस हमले में दूसरा भतीजा अकरम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चार नामजद और कई अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में एक भाजपा नेता और उसके दो भाई शामिल हैं।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी भूरा उर्फ रविंद्र, बबलू उर्फ विजय, पिंटू उर्फ सतेंद्र और तेजपाल ने पीड़ितों पर कार से हमला किया। आरोपियों ने अकरम और सूफियान की गाड़ी रोककर उन पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया, फायरिंग की और मोबाइल व पिस्टल भी लूट ली।

 

हाजी वाहिद के बेटे मोहम्मद उजैफा ने बताया कि उनका भाई, अकरम और सूफियान अपने साथी कादिर अली के साथ रिश्तेदारी के लिए जा रहे थे, तभी नीमखेड़ा के पास पीछे से आए आरोपियों ने SUV से उनकी गाड़ी को रोका और हमला किया। सूफियान भागने की कोशिश में कार से कुचला गया, जबकि अकरम गंभीर रूप से घायल हुआ।

 

पूर्व विधायक हाजी अलीम और उनका परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े हैं। हाजी अलीम बसपा के टिकट पर 2007 और 2012 में विधायक रह चुके हैं। मृतक सूफियान के चाचा हाजी यूनुस सदर ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी वर्तमान में ब्लॉक प्रमुख हैं।

 

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में चोटों के चलते सूफियान की मौत हुई। पुलिस ने एक आरोपी रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि भाजपा नेता पिंटू समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply