
कर्व्ड डिस्प्ले वाले स्मार्टफोन आज हर किसी के लिए प्रीमियम लुक और फीचर्स का प्रतीक बन गए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह तकनीक अपने शुरुआती दौर में पूरी तरह अलग रूप में आई थी? आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि कर्व्ड स्क्रीन स्मार्टफोन की शुरुआत कैसे हुई और यह ट्रेंड कैसे विकसित हुआ।
Samsung Galaxy Round: कर्व्ड फोन की शुरुआत
साल 2013 में साउथ कोरिया की टेक दिग्गज कंपनी सैमसंग ने दुनिया का पहला कर्व्ड स्मार्टफोन Galaxy Round लॉन्च किया। इस फोन का 5.7 इंच का Full HD Super AMOLED डिस्प्ले था, लेकिन इसे आज के तरह किनारों से कर्व्ड नहीं बल्कि पीछे की तरफ यू-शेप में मोड़ा गया था, ताकि यह हाथ में बेहतर ग्रिप और आरामदायक हो। Galaxy Round ने यह साबित कर दिया कि स्मार्टफोन की स्क्रीन को सपाट रखने की जरूरत नहीं है, डिजाइन में नए प्रयोग किए जा सकते हैं।
LG G Flex: आगे बढ़ा कारवां
सैमसंग के बाद LG ने उसी साल LG G Flex लॉन्च किया। यह फोन वर्टिकली ज्यादा कर्व्ड था और इसमें 6 इंच का POLED डिस्प्ले दिया गया था। खास बात यह थी कि इसके बैक पैनल में सेल्फ-हीलिंग टेक्नोलॉजी थी, जो छोटे-मोटे स्क्रैच खुद ठीक कर लेता था। LG G Flex अपने समय का अत्याधुनिक और एडवांस्ड स्मार्टफोन माना गया।
Samsung Galaxy Note Edge: मॉडर्न कर्व्ड स्क्रीन की नींव
साल 2014 में सैमसंग ने Galaxy Note Edge लॉन्च किया। इस फोन में केवल एक तरफ कर्व्ड डिस्प्ले था और दूसरी तरफ फ्लैट, जिससे यह डिजाइन लोगों द्वारा आसानी से अपनाया जा सका। Note Edge ने कर्व्ड स्क्रीन को सिर्फ डिजाइन नहीं बल्कि यूजर-फ्रेंडली फीचर के तौर पर पेश किया।
Samsung Galaxy S6 Edge: कर्व्ड डिस्प्ले का ग्लोबल ट्रेंड
साल 2015 में Galaxy S6 Edge के साथ कर्व्ड डिस्प्ले स्मार्टफोन का ट्रेंड पूरी तरह पॉपुलर हुआ। इसमें दोनों तरफ से कर्व्ड डिस्प्ले दी गई, जिससे फोन बेहद प्रीमियम और अलग नजर आता था। इसके बाद Huawei, Vivo और अन्य ब्रांड्स ने भी कर्व्ड स्क्रीन को अपने फ्लैगशिप फोन में अपनाना शुरू किया।
कर्व्ड डिस्प्ले क्यों बनी महंगे फोन्स की पहचान
कर्व्ड स्क्रीन तकनीक शुरुआत में महंगी थी और प्रीमियम लुक के कारण लोगों को इसे अपनाने में ज्यादा खर्च करना पड़ता था। हालांकि आज, 12 साल बाद, कई ब्रांड्स फ्लैट डिस्प्ले वाले प्रीमियम फोन और कर्व्ड स्क्रीन वाले बजट या मिड-रेंज फोन पेश कर रहे हैं। खबर है कि Apple भी अपनी 20वीं सालगिरह पर पहला कर्व्ड डिस्प्ले iPhone लॉन्च कर सकता है, जो दो या चारों तरफ से कर्व्ड हो सकता है।
कर्व्ड डिस्प्ले स्मार्टफोन का यह सफर दिखाता है कि कैसे टेक्नोलॉजी ने डिजाइन और यूजर एक्सपीरियंस में क्रांति ला दी और आज भी यह ट्रेंड लगातार विकसित हो रहा है।