
खुशेंद्र तिवारी, सीकर।
बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के बनने से राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में भी उत्साह का माहौल है। दरभंगा सीट से लगातार छह बार विधायक रहे सरावगी ने छात्र राजनीति से अपनी पारी शुरू की थी। मूल रूप से वे राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ के रहने वाले हैं।
राजस्थान में जश्न का माहौल:
संजय सरावगी के बिहार भाजपा अध्यक्ष बनने की खबर आते ही लक्ष्मणगढ़ और सीकर जिला मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और पटाखे फोड़े। यह खुशी उनके राजनीतिक सफर और शेखावाटी के लाल के बिहार में काबिज होने की सफलता का प्रतीक है।
लक्ष्मणगढ़ का लाल, बिहार का मजबूत चेहरा:
शेखावाटी के लक्ष्मणगढ़ में वैश्य परिवार से ताल्लुक रखने वाले संजय सरावगी अब बिहार भाजपा के सबसे बड़े संगठनात्मक पद पर हैं। वर्तमान में वे दरभंगा सदर विधानसभा सीट से लगातार छठी बार विधायक चुने गए हैं। हालिया चुनाव में उन्होंने महागठबंधन के उम्मीदवार उमेश साहनी को शिकस्त देकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की।
मंत्री से प्रदेशाध्यक्ष तक का सफर:
सरावगी इससे पहले नीतीश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। लक्ष्मणगढ़ में उनके बड़े भाई और भाजपा नेता जयप्रकाश सरावगी ने इस नियुक्ति पर खुशी जताई और कहा कि यह न सिर्फ बिहार, बल्कि लक्ष्मणगढ़ के लिए भी गर्व का पल है।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ करियर:
संजय सरावगी की राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से हुई। 1995 में भाजपा की सदस्यता लेने के बाद वे दरभंगा नगर निगम में पार्षद बने। 2005 में पहली बार विधायक चुने गए और इसके बाद 2005, 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज कर बिहार के कद्दावर नेताओं में शुमार हो गए।