
अनुष्का संग वृंदावन पहुंचे, प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया, सादगी और श्रद्धा ने जीता दिल
वृंदावन।
भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सच्ची आस्था और संस्कार इंसान को ऊंचाई पर पहुंचकर भी विनम्र बनाए रखते हैं। करोड़ों की संपत्ति और वैश्विक ख्याति के बावजूद यह दंपती हाल ही में वृंदावन पहुंचा, जहां उन्होंने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर आशीर्वाद लिया।
मुलाकात के दौरान सामने आए वीडियो और तस्वीरों में विराट और अनुष्का जमीन पर बैठकर अत्यंत विनम्र भाव से महाराज जी के प्रवचन सुनते नजर आए। अनुष्का भावुक हो गईं, जबकि विराट बालसुलभ श्रद्धा के साथ महाराज जी की बातों पर सहमति जताते दिखे। दोनों के चेहरे पर अहंकार का नहीं, बल्कि शांति और संतोष का भाव साफ झलक रहा था।
सादगी में झलकी सच्ची श्रद्धा
प्रेमानंद महाराज ने दंपती को जीवन में विनम्र रहने, अपने कार्य को सेवा भाव से करने और ईश्वर के प्रति सच्ची आस्था बनाए रखने का संदेश दिया। विराट और अनुष्का ने पूरी तन्मयता से उनकी बातों को सुना। इस दौरान गले में तुलसी की माला, माथे पर चंदन का तिलक और हाथ में पीली पोटली लिए दोनों का सादा स्वरूप श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बन गया।
सादे वस्त्र, गहरे संस्कार
भक्ति यात्रा के दौरान दोनों ने बेहद साधारण वस्त्र धारण किए। अनुष्का शर्मा ब्राउन रंग के सादे कुर्ते और दुपट्टे में नजर आईं, बिना मेकअप के उनका शांत और सौम्य रूप लोगों को बेहद भाया। वहीं विराट कोहली ब्लैक टी-शर्ट, ब्राउन हुडी और ट्राउजर में नजर आए। साधारण पहनावे के बावजूद दोनों की गरिमा और आत्मिक शांति स्पष्ट दिखाई दी।
ग्लैमर से दूरी, अध्यात्म से निकटता
ग्लैमर वर्ल्ड से दूरी बना चुकी अनुष्का शर्मा पिछले कुछ समय से धार्मिक यात्राओं और आध्यात्मिक जीवन में अधिक रुचि लेती नजर आ रही हैं। वे या तो विराट के मैचों में उनका उत्साह बढ़ाती दिखती हैं या फिर उनके साथ धार्मिक स्थलों पर दर्शन करती हैं। यह यात्रा भी उसी क्रम का हिस्सा मानी जा रही है।
सोशल मीडिया पर छाई तस्वीरें
जैसे ही वृंदावन यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सामने आए, सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। प्रशंसकों ने दंपती की सादगी, श्रद्धा और विनम्रता की जमकर सराहना की। लोगों ने इसे “सच्चा स्टारडम” बताते हुए कहा कि असली महानता वही है, जिसमें अहंकार के लिए कोई स्थान न हो।
श्रद्धा से जुड़ा जीवन संदेश
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की यह यात्रा यह संदेश देती है कि सफलता चाहे जितनी बड़ी क्यों न हो, अगर इंसान संस्कारों और आस्था से जुड़ा रहे, तो वही उसे वास्तविक संतोष और शांति प्रदान करती है।